गुजरात के कच्छ जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत पहले ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. गांधीधाम नगरपालिका की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्…

गुजरात के कच्छ जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत पहले ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. गांधीधाम नगरपालिका की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल शामिल हुए और लोगों से सीधे संवाद किया. कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लोगों तक आसानी से पहुंचाना और उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना रहा

सेवा सेतु कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी विभागों ने अपने स्टॉल लगाए. मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इन स्टॉल का निरीक्षण किया और लाभार्थियों से बातचीत कर यह जानकारी ली कि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ किस तरह मिल रहा है. इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि योजना, फ्री शिप कार्ड और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के तहत स्वीकृति आदेश और मंजूरी पत्र भी वितरित किए

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि लोगों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर 56 से अधिक सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं. इनमें आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड में सुधार, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, विधवा सहायता और वृद्धावस्था सहायता जैसी सेवाएं शामिल रहीं. बड़ी संख्या में लोगों ने इन सेवाओं का लाभ उठाया और कई मामलों में मौके पर ही समाधान उपलब्ध कराया गया. दिव्यांगजनों को भी कार्यक्रम के दौरान सहायता उपलब्ध कराई गई. श्री रामकृष्ण सेवा ट्रस्ट की पहल के जरिए दिव्यांग लोगों को जरूरी उपकरण प्रदान किए गए

गांधीधाम का यह कार्यक्रम कच्छ जिले में प्रस्तावित 12 चरणों वाले सेवा सेतु कार्यक्रम की पहली कड़ी है. ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सरकार का उद्देश्य सरकारी सेवाओं और कल्याणकारी योजनाओं को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को छोटी-छोटी प्रशासनिक जरूरतों के लिए दूर सरकारी कार्यालयों तक न जाना पड़े

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि सरकार का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई नागरिक सार्वजनिक सेवाओं से वंचित न रहे. उन्होंने ‘सेवा सेतु’ को इसी उद्देश्य से जुड़ी पहल बताया, जहां विभिन्न सरकारी सेवाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाता है. कार्यक्रम में श्रम, कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री कांतिलाल अमृतिया, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा राज्य मंत्री त्रिकम छांगा, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे