जालौन। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। अलग-अलग इलाकों में बारिश और तेज हवाओं के चलते कई कच्चे मकान भरभराकर गिर गए। मकान गिर…

जालौन। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। अलग-अलग इलाकों में बारिश और तेज हवाओं के चलते कई कच्चे मकान भरभराकर गिर गए। मकान गिरने से गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि कुछ जगहों पर लोग बाल-बाल बच गए। वहीं, तेज हवाओं के कारण विशाल पेड़ सड़कों पर गिरने से यातायात भी प्रभावित हुआ।

कालपी कोतवाली क्षेत्र के कागजीपुरा मोहल्ले में जर्जर कच्चा मकान महज पांच सेकंड में ताश के पत्तों की तरह ढह गया। मकान गिरने का वीडियो भी सामने आया है। हादसे में गृहस्थी का सामान मलबे में दब गया और परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया।माधौगढ़ तहसील क्षेत्र के उदौतपुरा गांव में भी बारिश के चलते कच्चा मकान गिर गया। हादसे में एक व्यक्ति के मामूली घायल होने की सूचना है। मलबे में खाने-पीने का सामान, गृहस्थी का सामान और एक बकरी दब गई। वहीं आटा थाना क्षेत्र के अटरिया गांव में भी लगातार बारिश के बीच कच्चा मकान धराशायी हो गया, जिससे परिवार को भारी नुकसान हुआ।

रामपुरा थाना क्षेत्र के उदौतपुरा गांव में भी कच्चा मकान महज आठ सेकंड में जमींदोज हो गया। घटना का वीडियो ग्रामीणों ने रिकॉर्ड किया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी और लेखपाल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। ग्राम प्रधान भानु प्रताप सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर हालात की जानकारी ली।बारिश के साथ तेज हवाओं का असर सड़कों पर भी देखने को मिला। कोंच-एट मार्ग पर विशाल शीशम का पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे यातायात बाधित हो गया। वहीं उरई-कानपुर स्टेट हाईवे पर रंगोली स्थित पेट्रोल पंप के पास पेड़ गिरने से हाईवे की एक लेन बंद हो गई। पेड़ की चपेट में आने से हाईटेंशन लाइन भी टूट गई। हालांकि दोनों घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।लगातार बारिश के कारण जिले में कच्चे मकानों और पेड़ों के गिरने की घटनाओं से लोगों में चिंता बढ़ गई है। प्रशासन की टीमें प्रभावित इलाकों में पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही हैं।