वर्षों की मेहनत के बाद सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र हाथ में आया तो युवाओं की खुशी भावुक कर देने वाली रही। किसी को परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर होने की उम्मीद…
वर्षों की मेहनत के बाद सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र हाथ में आया तो युवाओं की खुशी भावुक कर देने वाली रही। किसी को परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर होने की उम्मीद जगी तो किसी को अपने बच्चों के भविष्य की चिंता से राहत मिली। सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने प्रतीकात्मक रूप से 11 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को मंच पर नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान अभ्यर्थियों ने अपनी संघर्ष की कहानी और परिवार की परिस्थितियां साझा कीं। कई अभ्यर्थी अपनी बात रखते हुए भावुक हो गए। उन्होंने चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बताते हुए सरकार के प्रति आभार जताया।लखनऊ की श्रुति श्रीवास्तव ने बताया कि वह अपने ससुराल की पहली महिला हैं, जिन्हें सरकारी नौकरी मिली है। गर्भावस्था के दौरान उन्हें भविष्य को लेकर चिंता रहती थी, लेकिन नियुक्ति पत्र मिलने के बाद उन्हें नई उम्मीद और भरोसा मिला है।
कुशीनगर के किसान परिवार से आने वाले आदित्य सिंह ने कहा कि सरकारी सेवा में चयन उनके लिए प्रदेश की सेवा का अवसर है। गोरखपुर की ब्यूटी शाही ने कहा कि सरकारी नौकरी मिलने से वह जनसेवा के साथ अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को भी बेहतर बनाने में योगदान दे सकेंगी।मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र पाने वालों में प्रयागराज के आशुतोष त्रिपाठी, आगरा के ओम बघेल, गाजीपुर के प्रवीण कुमार, प्रतापगढ़ की सुधा, कुशीनगर के आदित्य सिंह, हमीरपुर की नेहा देवी, फतेहपुर की रूपाली गुप्ता, लखनऊ की श्रुति श्रीवास्तव, गोरखपुर की ब्यूटी शाही, गाजीपुर के शुभम कुमार और प्रतापगढ़ के अमित कुमार सिंह शामिल रहे।मिशन रोजगार के तहत 19 से 28 सितंबर के बीच चार बड़े नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। 19 सितंबर को 818, 20 सितंबर को पुलिस विभाग के 912 और 22 सितंबर को शिक्षा विभाग के 3,567 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। सोमवार को 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों की नियुक्ति के साथ इन चार कार्यक्रमों में कुल 6,672 युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र मिल चुके हैं।
Welcome! Log into your account






टिप्पणियाँ 0