मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को 1,375 नवनियुक्त ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते…

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को 1,375 नवनियुक्त ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि नौजवानों के हक पर डकैती डालने वाले लोग आज नए स्लोगन के साथ गिरगिट की तरह रंग बदल रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले सरकारी नौकरी में पारदर्शिता का अभाव था, जबकि आज योग्यता और निष्पक्ष चयन के आधार पर युवाओं को नियुक्तियां मिल रही हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने युवाओं के लिए भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया है और अब तक करीब साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि अगले छह महीने में एक लाख और युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र देने का लक्ष्य रखा गया है।

सीएम ने कहा कि विपक्षी नेता नियुक्तियों की गिनती करते रहें, सरकार युवाओं को नियुक्ति पत्र देती रहेगी। उन्होंने कहा कि सितंबर में यह चौथा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम है और अक्टूबर के पहले सप्ताह से फिर नियुक्ति पत्र बांटे जाएंगे। सीएम योगी ने सपा सरकार के कार्यकाल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के लिए विकास का मतलब केवल सैफई तक सीमित था और प्रदेश के बाकी गांवों व जिलों की चिंता नहीं की गई। उन्होंने दावा किया कि 2017 से पहले प्रदेश के कई जिलों में माफिया की समानांतर सरकार चलती थी, जबकि आज उत्तर प्रदेश दंगा, उपद्रव और माफिया तंत्र से मुक्त होकर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त ग्राम पंचायत अधिकारियों से गांवों को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अब गांवों में पंचायत भवन की जगह ग्राम सचिवालय की व्यवस्था विकसित की जा रही है, जहां ग्रामीणों को जन्म, आय और निवास प्रमाणपत्र जैसी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतें अपनी भूमि, दुकानों और तालाबों का बेहतर उपयोग कर आय बढ़ाएं। पंचायत जितनी अधिक अपनी आय बढ़ाएगी, सरकार उतनी ही अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराएगी।कार्यक्रम में पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर और कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने भी सरकार की भर्ती व्यवस्था को लेकर पिछली सरकार पर निशाना साधा। राजभर ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार में नौकरी के हिसाब से रकम तय होती थी, जबकि शाही ने कहा कि मौजूदा सरकार में युवाओं को बिना घूसखोरी और भ्रष्टाचार के सरकारी नौकरी मिल रही है। कार्यक्रम में महापौर सुषमा खड़कवाल, विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह, विधायक डॉ. नीरज बोरा समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Welcome! Log into your account

Forgot your password? Get help