5…
5 उत्तर प्रदेश की पारंपरिक पाक विरासत को देश-दुनिया के बाजार से जोड़ने की योगी सरकार की ‘एक जिला, एक व्यंजन’ (ओडीओसी) पहल को यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में नई कारोबारी संभावनाएं मिलीं। यूपीआईटीएस के दौरान ओडीओसी ने वॉलमार्ट वृद्धि, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पैकेजिंग और बिड़ला एयरकॉन के साथ समझौता ज्ञापन किए। इसके अलावा सीएफटीआरआई और एफएसएसएआई भी ओडीओसी के साझेदार बने हैं।
इन साझेदारियों से प्रदेश के पारंपरिक खाद्य उत्पादों को बाजार, आधुनिक पैकेजिंग, तकनीकी सहयोग और खाद्य सुरक्षा जैसे क्षेत्रों से जोड़ने की संभावनाएं बढ़ी हैं।यूपीआईटीएस-2026 में ओडीओसी पवेलियन में प्रदेश के सभी 75 जिलों की विशिष्ट पाक पहचान को प्रदर्शित किया गया। ‘ब्रज की मिठास’, ‘अवध का जायका’, ‘रुहेली रसधार’, ‘बुंदेली बहार’, ‘पश्चिमी परिमल’ और ‘पुरबिया स्वाद’ जैसे क्षेत्रीय खंडों के जरिए उत्तर प्रदेश की विविध खानपान परंपराओं को एक मंच पर प्रस्तुत किया गया। इसका उद्देश्य स्थानीय व्यंजनों और खाद्य उत्पादों को सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ ब्रांड, बाजार और कारोबार से जोड़ना है।25 से 29 सितंबर तक ओडीओसी के हॉल नंबर-16 में 66.49 करोड़ रुपये से अधिक की बी2सी और बी2बी गतिविधियां दर्ज की गईं। इसमें 6.76 करोड़ रुपये की बी2सी और 59.73 करोड़ रुपये की बी2बी गतिविधियां शामिल हैं। इस दौरान कुल 2,223 बी2बी पूछताछ दर्ज हुईं। 25 सितंबर को 1.19 करोड़ रुपये, 26 सितंबर को 9.58 करोड़ रुपये, 27 सितंबर को 25.69 करोड़ रुपये, 28 सितंबर को 21.30 करोड़ रुपये और 29 सितंबर को 8.72 करोड़ रुपये की बी2सी-बी2बी गतिविधियां दर्ज की गईं।इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पैकेजिंग के साथ साझेदारी से स्थानीय खाद्य उत्पादों की पैकेजिंग को आधुनिक बाजार की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
सीएफटीआरआई की भागीदारी से तकनीकी सहयोग और एफएसएसएआई की सहभागिता से खाद्य सुरक्षा एवं मानकों से जुड़े पहलुओं को मजबूती मिलेगी। वॉलमार्ट वृद्धि के साथ एमओयू स्थानीय उत्पादों को बड़े खरीद नेटवर्क और बाजार से जोड़ने की संभावनाएं बढ़ाता है, जबकि बिड़ला एयरकॉन के साथ साझेदारी संस्थागत सहयोग के विस्तार को दर्शाती है।यूपीआईटीएस में ओडीओसी लाइव पवेलियन ने छोटे और स्थानीय उद्यमियों को खरीदारों और नए ग्राहकों तक पहुंच बनाने का अवसर दिया। गोंडा के कचौड़ी जंक्शन ने शुरुआती तीन दिनों में करीब 40 हजार रुपये की बी2सी बिक्री के साथ 150 से अधिक कारोबारी पूछताछ प्राप्त की। वहीं उन्नाव की सक्षम एंटरप्राइजेज ने करीब 90 हजार रुपये की बिक्री दर्ज की। आजमगढ़ की लौंगलता, रामपुर का हब्शी हलवा और अयोध्या के मौर्य मिष्ठान भंडार जैसे पारंपरिक उत्पादों को भी ग्राहकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली और कई प्रतिभागियों को बी2बी पूछताछ व संभावित कारोबारी अवसर प्राप्त हुए।ओडीओसी के जरिए प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों को गुणवत्ता, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और बाजार संपर्क से जोड़ने की दिशा में काम किया जा रहा है। यूपीआईटीएस-2026 में मिली कारोबारी भागीदारी और नई संस्थागत साझेदारियां इस पहल को स्थानीय विरासत से आगे बढ़ाकर व्यापक बाजार और उद्यमिता से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।
Forgot your password? Get help






टिप्पणियाँ 0