4…
4 मुरादाबाद, 1 अक्टूबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के विजन और युवाओं को नवाचार एवं उद्यमिता से जोड़ने के उद्देश्य से तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (टीएमयू) में ‘यूपी राइज 2026’ सम्मेलन का आयोजन किया गया। प्रदेश सरकार और टाइम्स नेटवर्क की सहभागिता में ‘संवाद, संकल्प, सफलता’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में छात्रों ने अपने स्टार्टअप आइडिया और बिजनेस मॉडल पेश किए।प्रतियोगिता की शुरुआत 100 टीमों से हुई, जिनमें से तीन चरणों की स्क्रीनिंग के बाद 15 टीमें फाइनल में पहुंचीं।
तकनीकी मूल्यांकन के बाद डेंटल कॉलेज की ‘ओरल केयर इनोवेटर्स’ टीम ने पहला स्थान हासिल किया और 25 हजार रुपये का चेक जीता। टीम ने पानी के नियंत्रित दबाव से जीभ की सफाई करने वाला प्रोटोटाइप तैयार किया है, जिसका उद्देश्य मुंह की दुर्गंध समेत जीभ से जुड़ी समस्याओं को कम करना है।डेंटल कॉलेज की ही ‘सॉकेट सेवर्स’ टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया। समर्पिता गाबा और आशिका जैन की टीम ने दांत निकालने के दौरान होने वाले दर्द और जटिलताओं को कम करने के लिए विशेष इंजेक्शन तकनीक पर काम किया है। वहीं कॉलेज ऑफ कंप्यूटिंग साइंसेज की ‘टीम वास्तव’ तीसरे स्थान पर रही। तन्मय, विनीत, कार्तिक और नमन की टीम ने सड़क हादसों में बेहोश मरीज की मेडिकल हिस्ट्री अस्पताल तक पहुंचाने के लिए एसओएस आधारित मेडिकल डेटा सिस्टम विकसित किया है।
टीएमयू के कुलपति डॉ. वी.के. जैन ने बताया कि विश्वविद्यालय में 16 हजार से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं और नवाचार, रचनात्मकता व उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘यूपी राइज’ जैसे मंच युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।कार्यक्रम में ‘शक्ति क्षेत्र’ भी बनाया गया, जहां विद्यार्थियों ने विकसित और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश को लेकर अपने विचार साझा किए। विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को किट, उपहार और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
Forgot your password? Get help






टिप्पणियाँ 0