बिहार के बांका जिले में मंदार पर्वत क्षेत्र से जुड़ा एक आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. वीडियो में कुछ…

बिहार के बांका जिले में मंदार पर्वत क्षेत्र से जुड़ा एक आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. वीडियो में कुछ युवक एक लड़की के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करते नजर आ रहे हैं. मामला सामने आने के बाद बौंसी थाना पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है

पुलिस को यह वीडियो सोशल मीडिया सेल के माध्यम से व्हाट्सऐप पर मिला था. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर बौंसी थाना प्रभारी पंकज कुमार झा पुलिस टीम के साथ मंदार पर्वत पहुंचे और मौके पर जाकर मामले की जानकारी जुटाई. पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में वीडियो की लोकेशन मंदार पर्वत क्षेत्र की ही होने की पुष्टि हुई है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि वीडियो हाल का नहीं बल्कि पुराना हो सकता है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना इसी साल अप्रैल की बताई जा रही है

ये भी पढे़ं: Breaking News Today Live Updates: देशभर में आज एक साथ गाया जाएगा वंदे मातरम्, 1 करोड़ से ज्यादा लोग लेंगे हिस्सा

पुलिस के अनुसार वीडियो में करीब 6 से 7 अज्ञात युवक एक लड़की के साथ आपत्तिजनक और अभद्र व्यवहार करते दिखाई दे रहे हैं. अभी तक वीडियो में मौजूद युवक और लड़की की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस स्थानीय लोगों, ग्रामीणों और दुकानदारों से पूछताछ कर रही है, ताकि वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की जा सके और घटना से जुड़ी पूरी जानकारी सामने आ सके

बौंसी थाना प्रभारी पंकज कुमार झा के लिखित बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के साथ आईटी एक्ट की धाराओं में भी केस दर्ज किया है. पुलिस ने वायरल वीडियो को जांच के लिए साक्ष्य के तौर पर सुरक्षित रखा है. आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और वीडियो से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटाई जा रही है. आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी