AaJ Ka Mausam: चक्रवात ‘अर्नब’ का असर अब देश के कई हिस्सों में दिखाई दे रहा है. मानसून की विदाई के दौर में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, झारखंड, पंजाब, हरियाणा…
AaJ Ka Mausam: चक्रवात ‘अर्नब’ का असर अब देश के कई हिस्सों में दिखाई दे रहा है. मानसून की विदाई के दौर में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, झारखंड, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान समेत कई राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी है. मौसम विभाग ने शुक्रवार को कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में शुक्रवार को तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. इसके अलावा उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश में भी कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है. चक्रवात का असर ओडिशा, आंध्र प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल में ज्यादा देखने को मिल रहा है. कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका जताई गई है. मौसम खराब रहने के कारण मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है. तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने और सामान्य जनजीवन प्रभावित होने की आशंका भी है
आंध्र प्रदेश के कलिंगपटनम तट से मौसम प्रणाली के गुजरने के बाद दक्षिण और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई. ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में पिछले 24 घंटे से तेज बारिश दर्ज की गई. ओडिशा में निचले और भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों से 8,082 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. प्रशासन की ओर से संवेदनशील इलाकों पर नजर रखी जा रही है
आईएमडी के मुताबिक तट पार करते समय मौसम प्रणाली की रफ्तार करीब 3 किलोमीटर प्रति घंटे थी. इस दौरान अधिकतम हवा की गति 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची. इसके बाद सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा और गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिण ओडिशा के ऊपर केंद्रित था
पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में भी भारी बारिश दर्ज की गई. मेदिनीपुर में 94 मिलीमीटर, पानागढ़ में 87 मिलीमीटर और कोलकाता में 80 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. मौसम विभाग ने शनिवार तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है. बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल के तट पर 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान समुद्र भी अशांत रह सकता है
उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों के दौरान मौसम खराब रहने की संभावना है. बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब के कारण प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं. इसके आंध्र प्रदेश और ओडिशा तट की ओर बढ़ने के बाद यूपी में भी मानसूनी गतिविधियां तेज हुई हैं. मौसम विभाग ने प्रदेश के 23 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है.वहीं करीब 38 जिलों में बारिश और बादलों के बीच बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. कई इलाकों में तेज झोंकेदार हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. खास तौर पर 25 और 26 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है
राजधानी दिल्ली में भी शुक्रवार यानी 25 सितंबर को मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में कुछ गिरावट भी दर्ज की जा सकती है
आंध्र प्रदेश के उत्तरी तटीय इलाकों में भारी बारिश के कारण कई सड़कें और खेत पानी में डूब गए. कुछ स्थानों पर पेड़ भी गिरने की खबर है। भारी बारिश के चलते यातायात पर भी असर पड़ा है. विशाखापत्तनम में 28 सेंटीमीटर, कोय्यालागुडेम में 20 सेंटीमीटर और भीमुनिपट्टनम, काकीनाडा तथा पेड्डापुरम में 15-15 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। कई इलाकों में जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा
ये भी पढे़ं: अमेरिका कब करेगा शांति समझौता पर हस्ताक्षर, संयुक्त राष्ट्र महासभा में ईरानी राष्ट्रपति ने किया खुलासा





टिप्पणियाँ 0