* मुआवाजा पाकर खिले किसानों के चेहरे,सुषमा और कमलेश बोले बदल गई जिंदगी

भूमि का मिला पूरा मुआवजा, न कोई दलाल न कोई बिचौलिया

वरुण विहार और नैमिष नगर योजना के लिए किसानों से ली गई जमीन के बदले उन्हें बड़ी धनराशि का भुगतान किया गया है। किसानों का कहना है कि उन्हें मुआवजा हासिल करने के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़े और प्रक्रिया पूरी होने के बाद सीधे उनके खातों में धनराशि पहुंची। किसानों ने बताया कि मुआवजे से किसी ने दूसरी जगह जमीन खरीदी, किसी ने मकान बनवाया तो किसी ने बच्चों की पढ़ाई और भविष्य के लिए रकम सुरक्षित की।

ग्राम दोना के किसान कमलेश कुमार ने बताया कि उन्होंने वरुण विहार योजना के लिए अपनी एक हेक्टेयर जमीन सहमति से दी। इसके बदले उन्हें 2 करोड़ 80 लाख रुपये का मुआवजा मिला। कमलेश के मुताबिक, इस धनराशि से उन्होंने उन्नाव में जमीन खरीदी और मकान भी बनवाया। उनका कहना है कि योजना से उनके गांव और आसपास के क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।

नैमिष नगर योजना के किसानों की ओर से भी इसी तरह की प्रतिक्रिया सामने आई। बख्शी का तालाब की सुषमा सिंह ने बताया कि कमलाबाद स्थित उनकी जमीन नैमिष नगर योजना के लिए ली गई और उन्हें 2 करोड़ 90 लाख रुपये का मुआवजा मिला। उन्होंने प्रक्रिया को पारदर्शी बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।

किसानों की इन बातों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के बदलते स्वरूप को लेकर बड़ा बयान दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ में पिछली सरकारों की तरह कट्टा-बम नहीं, बल्कि ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है। उन्होंने कहा कि जब भारतीय जवान ब्रह्मोस मिसाइल का इस्तेमाल करता है तो दुश्मन थर्रा उठते हैं।

सीएम योगी का यह बयान लखनऊ में तेजी से बढ़ रही औद्योगिक और रक्षा क्षेत्र की गतिविधियों के संदर्भ में सामने आया। सरकार की ओर से लखनऊ को आधुनिक विकास, रोजगार, आवासीय सुविधाओं और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग के नए केंद्र के तौर पर विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।

वरुण विहार और नैमिष नगर जैसी आवासीय योजनाओं के जरिए जहां राजधानी के विस्तार को नई दिशा देने की कोशिश है, वहीं किसानों को मिले मुआवजे की तस्वीर यह बताती है कि जमीन देने वाले परिवारों को आर्थिक रूप से भी लाभ पहुंचाने का दावा किया जा रहा है।

यानी एक तरफ लखनऊ में नए आवासीय क्षेत्रों का विस्तार हो रहा है, तो दूसरी तरफ डिफेंस सेक्टर में ब्रह्मोस जैसी अत्याधुनिक मिसाइल के निर्माण से राजधानी की पहचान बदलने की बात कही जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, यही बदलता हुआ लखनऊ है, जहां विकास के साथ रोजगार, आवास और देश की सुरक्षा से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट भी आकार ले रहे हैं।