नेताओं और अधिकारियों से नाम जोड़े जाने पर जताई नाराजगी, शिवा की मौत को आत्महत्या बताया; नेपाल जाने की चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं
लखनऊ। कारोबारी और कैफे संचालक शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में नामजद श्रद्धा दुबे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में श्रद्धा खुद को बेगुनाह बताते हुए कह रही हैं कि उन्होंने शिवा की हत्या नहीं की और वह पुलिस के सामने पेश होकर अपना बयान दर्ज कराने के लिए तैयार हैं। उन्होंने अपने नाम को नेताओं और अधिकारियों से जोड़कर अफवाह फैलाने पर भी आपत्ति जताई है। वहीं घटना के बाद उनके नेपाल भागने की चर्चाएं भी सामने आई थीं, लेकिन इस घटनाक्रम की पुलिस या सुरक्षा एजेंसियों की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वीडियो जारी कर श्रद्धा ने आरोपों को नकारा
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में श्रद्धा दुबे लोगों से उनके बारे में अपुष्ट बातें न फैलाने की अपील करती नजर आ रही हैं। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर उनका नाम कई नेताओं और अधिकारियों के साथ जोड़ा जा रहा है।जबकि उनका संबंधित लोगों से कोई कनेक्शन नहीं है।वीडियो में श्रद्धा यह भी कहती हैं कि वह कहीं गायब नहीं हैं और पुलिस के सामने आकर मामले से जुड़ी पूरी जानकारी देना चाहती हैं। उन्होंने दावा किया कि वह जांच एजेंसियों को सच-सच बयान देने के लिए तैयार हैं।वायरल वीडियो मेश्रद्धा ने कहा की मैंने कुछ नहीं किया
शिवा की मौत को बताया आत्महत्या
वीडियो में श्रद्धा दुबे ने खुद पर लगाए जा रहे आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि उन्होंने कुछ नहीं किया है। उन्होंने शिवा शर्मा की मौत को हत्या के बजाय आत्महत्या बताया है।यह श्रद्धा का अपना दावा है। शिवा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अंतिम निष्कर्ष जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही निकाला जा सकता है। उनके बयान को अपने आप में घटना की वास्तविक वजह का प्रमाण नहीं माना जा सकता।
नेताओं और अधिकारियों से नाम जोड़ने पर जताई नाराजगी
श्रद्धा ने वीडियो में कहा कि उनका नाम ऐसे लोगों के साथ नहीं जोड़ा जाना चाहिए, जिनसे उनका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाने वालों से अपील की कि किसी भी लड़की के बारे में बिना पुष्टि के कुछ भी कहने से पहले तथ्यों की जांच की जाए।उन्होंने अपनी शारीरिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात भी कही और लोगों से उनके बारे में भ्रामक जानकारी न फैलाने का अनुरोध किया।
नेपाल भागने की चर्चाएं,आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
शिवा शर्मा की मौत के बाद श्रद्धा दुबे के नेपाल भागने की चर्चाएं सामने आई थीं। सूत्रों के हवाले से दावा किया गया कि वह 10 अक्टूबर को रुपईडीहा पहुंची थीं और वहां से रिक्शे के जरिए नेपाल सीमा पार कर गईं।इन दावों के मुताबिक, श्रद्धा की बहन रश्मि और उनके साथ मौजूद कुछ अन्य लोगों के भी अलग-अलग रिक्शों से सीमा पार करने की बात कही गई। यह भी दावा किया गया कि श्रद्धा अपनी कार से नानपारा होते हुए रुपईडीहा पहुंची थीं और वाहन को टैक्सी स्टैंड पर खड़ा करने के बाद सीमा की ओर गईं। हालांकि इन जानकारियों की पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए नेपाल जाने से जुड़े घटनाक्रम को फिलहाल अपुष्ट दावे के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।
अब पुलिस के सामने बयान देने के दावे पर नजर
श्रद्धा दुबे ने वीडियो में पुलिस के सामने पेश होकर बयान देने की इच्छा जताई है। ऐसे में अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि वह जांच एजेंसी के सामने कब और किस तरह अपना पक्ष रखती हैं तथा उनके दावों का उपलब्ध साक्ष्यों से कितना मेल बैठता है।शिवा शर्मा की मौत के मामले में वायरल वीडियो श्रद्धा के बयान और नेपाल जाने से जुड़ी चर्चाओं के बीच कई सवाल अब भी कायम हैं। मामले की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट करने के लिए पुलिस की जांच और आधिकारिक जानकारी अहम होगी।






टिप्पणियाँ 0