4…
4 लाखन आर्मी का जनजागरण अभियान खागा पहुंचा, पासी समाज से एकजुट होकर शिक्षा, संगठन और सामाजिक विकास पर ध्यान देने की अपील
लखनऊ। महाराजा कंसा पासी के ऐतिहासिक किले और भगवान शिव मंदिर के संरक्षण एवं सुरक्षा की मांग को लेकर लाखन आर्मी का जनजागरण अभियान फतेहपुर पहुंचा। खागा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज पासी ने समाज के लोगों से अपनी ऐतिहासिक विरासत को पहचानने, संरक्षित करने और सामाजिक एकजुटता मजबूत करने का आह्वान किया।
पासी समाज का इतिहास वीरता और संघर्ष से भरा
जनसभा को संबोधित करते हुए सूरज पासी ने कहा कि पासी समाज का इतिहास संघर्ष, वीरता और योगदान से जुड़ा रहा है। समाज की नई पीढ़ी को अपने महापुरुषों और पूर्वजों के इतिहास से परिचित कराने की जरूरत है।उन्होंने महाराजा सुहेलदेव पासी, महाराजा कंसा पासी, महाराजा बिजली पासी और महाराजा लाखन पासी सहित विभिन्न ऐतिहासिक व्यक्तित्वों का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज की पहचान उसकी ऐतिहासिक विरासत और संघर्षों से भी जुड़ी है।
महाबली हनुमान की तरह अपनी ताकत पहचानो
सूरज पासी ने कहा कि जिस तरह महाबली हनुमान को उनकी शक्ति का स्मरण कराया गया था, उसी तरह समाज को भी अपनी सामूहिक ताकत और इतिहास का अहसास कराना जरूरी है।उन्होंने समाज के लोगों से छोटे-छोटे विवादों और आपसी मतभेदों में उलझने के बजाय शिक्षा, संगठन और सामाजिक विकास को प्राथमिकता देने की अपील की।
पासी मतलब योद्धा, पासी मतलब रक्षक
कार्यक्रम में सूरज पासी ने ‘पासी मतलब योद्धा, पासी मतलब रक्षक’ का संदेश देते हुए समाज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपनी आस्था, परंपराओं और ऐतिहासिक जड़ों की जानकारी होना जरूरी है।‘दारू-मुर्गा के लालच में मत बंटो’सूरज पासी ने चुनावी राजनीति का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि राजनीतिक दल प्रलोभनों के जरिए समाज को बांटने की कोशिश करते हैं। उन्होंने लोगों से ऐसे प्रलोभनों से दूर रहने और बच्चों की शिक्षा, युवाओं के भविष्य और समाज के विकास को प्राथमिकता देने की अपील की।
किले और मंदिर के संरक्षण की लड़ाई जारी रखने का ऐलान
महाराजा कंसा पासी के किले और भगवान शिव मंदिर के संरक्षण को लेकर सूरज पासी ने अभियान जारी रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक धरोहरों और समाज की पहचान से जुड़े मुद्दों को नजरअंदाज नहीं होने दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि किले और मंदिर की सुरक्षा एवं संरक्षण की मांग को लेकर लाखन आर्मी की आवाज आगे भी बुलंद होती रहेगी।
बच्चों के हाथ में कलम, युवाओं के हाथ में हुनर हो
सूरज पासी ने सामाजिक विकास के लिए शिक्षा और कौशल विकास को अहम बताया। उन्होंने कहा कि समाज की तरक्की के लिए बच्चों के हाथ में कलम और युवाओं के हाथ में हुनर होना चाहिए।उन्होंने समाज के लोगों से आपसी विवादों को पीछे छोड़कर एकजुट होने और आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।
गांव-गांव पहुंचेगा लाखन आर्मी का जनजागरण अभियान
सूरज पासी ने कहा कि लाखन आर्मी का जनजागरण अभियान किसी एक जिले या विधानसभा क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा। संगठन की ओर से अलग-अलग क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को इतिहास, विरासत, सामाजिक अधिकार और शिक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।उन्होंने कहा कि समाज की ऐतिहासिक पहचान और विरासत को लेकर जनजागरण का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Forgot your password? Get help






टिप्पणियाँ 0