बहुचर्चित उमेश पाल हत्याकांड मामले में आरोपियों के खिलाफ प्रयागराज की एससी-एसटी स्पेशल कोर्ट में ट्रायल शुरू हो गया है। कड़ी सुरक्षा के बीच मुकदमा वादी और दिवं…
बहुचर्चित उमेश पाल हत्याकांड मामले में आरोपियों के खिलाफ प्रयागराज की एससी-एसटी स्पेशल कोर्ट में ट्रायल शुरू हो गया है। कड़ी सुरक्षा के बीच मुकदमा वादी और दिवंगत उमेश पाल की पत्नी जया पाल कोर्ट पहुंचीं और अपना बयान दर्ज कराया। जया पाल ने कोर्ट के सामने 24 फरवरी 2023 को हुई हत्या की पूरी घटना का सिलसिलेवार ब्यौरा रखा।जया पाल ने अपने बयान में उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनरों की हत्या के मामले में माफिया अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ, परिवार के सदस्यों और कथित गुर्गों की भूमिका का उल्लेख किया। उन्होंने हत्याकांड से जुड़े घटनाक्रम और आरोपियों की भूमिका के संबंध में कोर्ट के समक्ष अपना पक्ष रखा। कोर्ट में बयान दर्ज कराने के बाद बाहर आईं जया पाल ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब वह घर से कोर्ट के लिए निकलीं तो कुछ बिना नंबर प्लेट वाली गाड़ियों से उनकी गाड़ियों की रेकी की जा रही थी। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस के आला अधिकारियों से किए जाने की बात कही। जया पाल ने कहा कि उन्हें अपनी जान का खतरा है और उनकी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।जया पाल के अधिवक्ता विक्रम सिन्हा के मुताबिक, मुकदमा वादी का बयान कोर्ट में दर्ज हो गया है। आरोपियों की ओर से पेश अधिवक्ताओं ने जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा, जिस पर कोर्ट ने उन्हें समय दे दिया।बता दें कि 24 फरवरी 2023 को प्रयागराज के धूमनगंज इलाके में उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनरों की गोली और बम मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात में माफिया अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ, अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन, बेटे असद और कथित गुर्गों गुड्डू मुस्लिम, गुलाम, अरबाज तथा विजय उर्फ उस्मान चौधरी के नाम सामने आए थे।अब इस मामले में ट्रायल शुरू होने के बाद गवाहों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे की सुनवाई आगे बढ़ेगी।





