लखनऊ में जन्माष्टमी को लेकर ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी
इन रास्तों पर जाने से पहले पढ़ें पूरी खबर
लखनऊ। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन्स, लखनऊ परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम और जन्मोत्सव झांकी दर्शन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को देखते हुए यातायात पुलिस ने 4 सितंबर 2026 को दोपहर 3 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक आवश्यकतानुसार यातायात डायवर्जन व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है।यातायात पुलिस की ओर से जारी एडवाइजरी के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान रिजर्व पुलिस लाइन्स और आसपास के मार्गों पर सामान्य यातायात के संचालन में बदलाव किया जाएगा। लोगों से अपील की गई है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
हनुमान सेतु से आईटी चौराहा जाने वाले वाहन
हनुमान सेतु मंदिर तिराहा से रिजर्व पुलिस लाइन्स और आईटी चौराहा की तरफ सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा। इस मार्ग का यातायात नदवा बंधा मोड़ से डालीगंज इक्का-तांगा स्टैंड चौराहा होते हुए अपने गंतव्य की ओर जा सकेगा।
आईटी चौराहा से हनुमान सेतु की ओर डायवर्जन
आईटी चौराहा से रिजर्व पुलिस लाइन्स और हनुमान सेतु मंदिर तिराहा की तरफ जाने वाला सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन चालक डालीगंज इक्का-तांगा स्टैंड चौराहा अथवा निशातगंज के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
निशातगंज ओवरब्रिज से आईटी चौराहा जाने पर रोक
निशातगंज ओवरब्रिज ढाल के आईटी साइड से आईटी चौराहा की ओर सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा। इस यातायात को आंतरिक लेखा निदेशालय और हैदरगंज चौकी होते हुए वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा।
एम्बुलेंस और आपातकालीन वाहनों को मिलेगी अनुमति
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चिकित्सकीय आपात स्थिति में वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध न होने पर एम्बुलेंस, शव वाहन, फायर सर्विस और स्कूली वाहनों को प्रतिबंधित मार्ग से भी आवश्यकतानुसार गुजरने की अनुमति दी जा सकेगी। इसके लिए स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक पुलिस द्वारा मौके की स्थिति के अनुसार व्यवस्था की जाएगी।
किसी भी यातायात संबंधी आवश्यकता या आपात स्थिति में लोग ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर संपर्क कर सकते हैं।





