Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारत ने मैराथन के मेडल का 44 साल पुराना इंतजार खत्म कर दिया है. भारतीय एथलीट सावन बरवाल ने आईची-नागोया में आयोजित पुरुष…

Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारत ने मैराथन के मेडल का 44 साल पुराना इंतजार खत्म कर दिया है. भारतीय एथलीट सावन बरवाल ने आईची-नागोया में आयोजित पुरुष मैराथन में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया. बरवाल ने 42.195 किलोमीटर की रेस 2 घंटे 11 मिनट 37 सेकेंड में पूरी की और दूसरे स्थान पर रहे. जबकि जापान के इचिताका यामाशीता ने 2 घंटे 10 मिनट 49 सेकेंड के समय के साथ गोल्ड मेडल जीता. वहीं चीन के पेयू फेंग ने 2 घंटे 12 मिनट 13 सेकेंड में रेस पूरी कर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया

सावन बरवाल के सिल्वर मेडल के साथ एशियन गेम्स की मैराथन में भारत का लंबा इंतजार खत्म हो गया. भारत ने आखिरी बार 1982 में नई दिल्ली में हुए एशियन गेम्स में मैराथन का मेडल जीता था. तब होसुर कुकप्पा ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया था. इसके बाद भारत को इस इवेंट में पदक के लिए 44 साल इंतजार करना पड़ा. बरवाल का यह मेडल विदेशी धरती पर एशियन गेम्स की मैराथन में किसी भारतीय पुरुष का पहला पदक भी है. उन्होंने नागोया में कड़े मुकाबले के बीच लगातार शानदार प्रदर्शन किया और आखिर तक मेडल की दौड़ में बने रहे

A National Record. A historic Silver! Congratulations to Sawan Barwal on his remarkable Silver Medal in the Men’s Marathon at the #AsianGames2026.India’s first Asian Games Men’s Marathon medal since 1982 & the first-ever by an Indian athlete in this event outside India.… pic.twitter.com/5Xn3KggEG3

पुरुष मैराथन की रेस भारतीय समय के अनुसार सुबह 4 बजे शुरू हुई. इसमें सावन बरवाल और कार्तिक करकेरा समेत कुल 19 धावकों ने हिस्सा लिया. रेस की शुरुआत से ही बरवाल लीडिंग ग्रुप में बने रहे. जैसे-जैसे रेस आगे बढ़ी, उन्होंने अपनी स्थिति मजबूत रखी. हाफवे मार्क तक बरवाल दूसरे स्थान पर पहुंच गए थे. इसके बाद उन्होंने रेस में बढ़त बनाने की कोशिश की, लेकिन आगे चलकर कुछ धावक उनसे आगे निकल गए. 35 किलोमीटर के निशान पर भी बरवाल दूसरे स्थान की दौड़ में बने हुए थे. आखिरी कुछ किलोमीटर में उन्होंने शानदार वापसी की और कई धावकों को पीछे छोड़ते हुए सिल्वर मेडल पक्का कर लिया

A new National Record and a historic Silver for India! 🥈🔥44 years later, Sawan Barwal puts India back on the Men's Marathon podium at the Asian Games with a sensational 𝟐:𝟏𝟏:𝟑𝟕 finish! 💪Watch the 20th Asian Games Aichi-Nagoya LIVE on Sony Sports Network TV channels &… pic.twitter.com/nUAJqoNO0I

28 साल के सावन बरवाल हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जोगिंदर नगर के रहने वाले हैं. वह भारतीय सेना में हवलदार हैं. फुल मैराथन में उतरने से पहले बरवाल छोटे ट्रैक इवेंट्स में हिस्सा लेते थे. अप्रैल 2026 में उन्होंने अपनी पहली प्रतियोगिता मैराथन में ही शानदार रिकॉर्ड बनाया. उन्होंने रॉटरडैम मैराथन 2 घंटे 11 मिनट 58 सेकेंड में पूरी की और शिवनाथ सिंह का 48 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा. बरवाल 2024 में 5000 मीटर के नेशनल चैंपियन भी बने थे. इसके अलावा 2025 के नेशनल गेम्स में उन्होंने 5000 और 10000 मीटर में गोल्ड मेडल जीता था. अब एशियन गेम्स में सिल्वर जीतकर उन्होंने अपने करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है