उत्तर प्रदेश के कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान क…

उत्तर प्रदेश के कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही अधिकारियों को घायलों का समुचित इलाज कराने और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

कौशांबी के पिपरी थाना क्षेत्र के महमूदपुर में स्थित पटाखा गोदाम में हुए विस्फोट से इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि चार घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। विस्फोट इतना भीषण था कि आसपास के कई मकानों को भी नुकसान पहुंचा और आधा दर्जन से अधिक मकान जमींदोज होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। पुलिस की ओर से हादसे के कारणों और सुरक्षा मानकों से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।

मामले में गोदाम मालिक आदिल समेत छह लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है। प्रशासन की ओर से आरोपियों से जुड़े गोदामों पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। इसी क्रम में अवैध या नियमों के उल्लंघन से जुड़े निर्माणों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की बात कही गई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कौशांबी हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की है।

वहीं, पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की ओर से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य जारी है। हादसे की विस्तृत जांच के बाद विस्फोट की वजह और जिम्मेदार लोगों की भूमिका को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।