Surat Gas Geyser Accident: गुजरात के सूरत में गैस गीजर से 15 साल की एक छात्रा की मौत हो गई. 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली यह बच्ची गैस गीजर से निकलने वाली कार्बन…

Surat Gas Geyser Accident: गुजरात के सूरत में गैस गीजर से 15 साल की एक छात्रा की मौत हो गई. 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली यह बच्ची गैस गीजर से निकलने वाली कार्बन मोनोऑक्साइड का शिकार हो गई. यह मामला सूरत के कतरगाम में गणेश आरती में शामिल होने से पहले बाथरूम में नहाने गई लड़की का दम घुटा और इससे उसकी मृत्यु हो गई. बता दें कि सूरत में पिछले सात महीनों में गैस गीजर से जुड़ी घटनाओं में चार लोगों की मौत हो चुकी है. जानें पूरा मामला क्या है

कतरगाम गुरुद्वारे के पास गुनातीत नगर सोसाइटी में जिग्नेशभाई वारिया रहते हैं, जिनकी बेटी प्रियम थी. उसके पिता बैंक में काम करते हैं और प्रियम पास के एक निजी स्कूल में कॉमर्स सबजेक्ट की 11वीं कक्षा में पढ़ रही थी. शनिवार की सुबह प्रियम सोसाइटी के गणेश पंडाल में आरती के लिए शामिल होने जाने वाली थी. इसके लिए वह बाथरूम में नहाने गई थी. डेढ़ घंटे के बाद भी जब प्रियम बाहर नहीं आई तो दरवाजा खटखटाया गया. मगर कोई जवाब तब भी नहीं मिला. इसके बाद परिवार ने दरवाजा तोड़कर देखा तो प्रियम फर्श पर बेहोश पड़ी हुई थी

परिवारजन तुरंत प्रियम को पास के निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शुरुआती जांच से पता चला है कि पानी गर्म करने के लिए गीजर को चालू करने के बाद उससे जहरीली गैस लीक होने के कारण दम घुटने से उसकी मौत हो गई

10 फरवरी को 41 वर्ष के फैज अहमद सैयद. 37 वर्षीय पत्नी मुबीनाबानू और उनके 12 साल के बेटे नोमान अपने घर में मृत पाए गए थे. यह परिवार लालगेट हरिपुरा के सोया शरी स्थित सैयद मंजिल की तीसरी मंजिल पर रहता था. उनके बड़े भाई उस्मान सैयद ने दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया और वहां उन्होंने दंपत्ति को बेडरूम में मृत पाया. नोमान हॉल में मृत पाया गया. इसके बाद अस्पताल में फॉरेंसिक पोस्टमार्टम में साबित हुआ कि तीनों की मृत्यु गैस गीजर से निकलने वाली कार्बन मोनोऑक्साइड के चलते दम घुटने से हुई. ये धीरे-धीरे घर में फैल गई थी

पिछले साल 2025 में नवंबर के महीने में 26 साल के दिंकल आदित्यकुमार भगत, ओलपाड तालुका के मस्मा स्थित गृहम लक्ज़ुरिया में रहती थीं. वह सूरत नगर निगम के वराछा पूर्वी क्षेत्र में तकनीकी सहायक के रूप में काम करती थीं और उन्हें चुनाव आयोग द्वारा बूथ-स्तरीय अधिकारी (BLO) के रूप में भी नियुक्त किया गया था. दिंकल की 2 साल पहले लव मैरिज की थी. वे अपने घर के बाथरूम में बेहोश पाई गई. उसके परिवार वालों ने दरवाजा तोड़कर उसे अस्पताल ले गए,जहां कुछ समय के इलाज के बाद उसकी मृत्यु हो गई थी. सिविल अस्पताल में किए गए फोरेंसिक पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में पता चला है कि गैस गीजर से लीक हुई जहरीली गैस से हुई थी