लखनऊ, 2 सितंबर। बारिश के मौसम में नगरीय क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए योगी सरकार ने निगरानी तेज कर दी है। नगर विकास मंत्री एके शर्मा…
लखनऊ, 2 सितंबर। बारिश के मौसम में नगरीय क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए योगी सरकार ने निगरानी तेज कर दी है। नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर जल निकासी, नाला-नालियों की सफाई, पेयजल आपूर्ति और अन्य नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश के दौरान कहीं भी जलभराव की स्थिति न बने और समस्या सामने आने पर उसका तत्काल समाधान कराया जाए।मंत्री ने नाला-नालियों की सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए कहा कि जलभराव की प्रमुख वजहों में नालियों का अवरुद्ध होना भी शामिल है। ऐसे में सभी नगर निकायों में नाला-नालियों की नियमित और प्रभावी सफाई कराई जाए। सफाई के बाद निकलने वाली सिल्ट और कचरे का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि वह दोबारा नालियों में न पहुंचे।
उन्होंने हर साल जलभराव की समस्या वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां स्थायी और प्रभावी जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पेयजल आपूर्ति की समीक्षा करते हुए कहा कि बारिश के मौसम में पानी की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। नागरिकों को पर्याप्त और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए तथा पेयजल से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।
आगामी त्योहारों को देखते हुए नगर विकास मंत्री ने शहरों में साफ-सफाई, जल निकासी, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था को पहले से दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने तथा जरूरत के अनुसार अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराने को कहा।एके शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि नियमित रूप से जमीनी स्तर पर जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिक सुविधाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के शहरों को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और बेहतर नागरिक सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। ऐसे में नगर निगमों और स्थानीय निकायों की जिम्मेदारी है कि बारिश और त्योहारों के दौरान नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न हो।





