ODI World Cup 2027: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 की तैयारियां जोरों-शोरों से कर रही है. इस टूर्नामेंट का आधिकारिक शेड्यूल 1 अक्टूबर को केपटाउन में जारी किए जाने…
ODI World Cup 2027: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 की तैयारियां जोरों-शोरों से कर रही है. इस टूर्नामेंट का आधिकारिक शेड्यूल 1 अक्टूबर को केपटाउन में जारी किए जाने की संभावना है. टीम इंडिया ने भी वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियां शुरू कर दी हैं. वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी वनडे सीरीज से भारतीय टीम ने खुद को परखने और सही संयोजन तलाशना शुरू कर दिया है. अब फैंस के मन में होगा कि वनडे वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया को कितने वनडे खेलने को मिलेंगे, तो चलिए जानते हैं
वेस्टइंडीज के खिलाफ चल रही सीरीज के बाद भारतीय टीम को न्यूजीलैंड, श्रीलंका और जिम्बाब्वे के खिलाफ भी वनडे सीरीज खेलनी है. फिलहाल के तय शेड्यूल के हिसाब से, 2027 वर्ल्ड कप से पहले भारत को कुल 13 वनडे मैच खेलने हैं, जिसमें अभी वेस्टइंडीज के खिलाफ बचे 2 मैच भी शामिल हैं. हालांकि, आने वाले समय में इस कार्यक्रम में कुछ बदलाव भी हो सकते हैं और कुछ नए मैच जोड़े जा सकते हैं. इसके साथ ही, साल 2027 का एशिया कप भी 50 ओवर के फॉर्मेट में होने की उम्मीद है, जिसमें टीम इंडिया को 2,3 वनडे मैच खेलने को मिल जाएंगे. ऐसे में भारतीय टीम को वर्ल्ड कप की फाइनल तैयारियों के लिए कुछ और मैच खेलने का बेहतरीन मौका मिल जाएगा
वेस्टइंडीज सीरीज के आखिरी दो मैचों के बाद टीम इंडिया का असली टेस्ट शुरू होगा. नवंबर 2026 में भारतीय टीम न्यूजीलैंड का दौरा करेगी, जहां दोनों टीमों के बीच 5 वनडे मैचों की रोमांचक सीरीज होगी. इसके तुरंत बाद, दिसंबर 2026 में भारत अपने घर में श्रीलंका से 3 वनडे मैचों की सीरीज खेलेगा. फिर नए साल की शुरुआत यानी जनवरी 2027 में जिम्बाब्वे की टीम भारत आएगी, जहां दोनों देशों के बीच 3 मैचों की घरेलू वनडे सीरीज खेली जाएगी
इस तरह देखें तो वर्ल्ड कप से पहले भारत को 13 पक्के वनडे मैच खेलने को मिलेंगे. इन मैचों के जरिए टीम मैनेजमेंट के पास नए खिलाड़ियों को आजमाने और अपनी सबसे मजबूत प्लेइंग इलेवन तैयार करने का शानदार मौका होगा. अगर पिछले रिकॉर्ड पर नजर डालें, तो 2023 वर्ल्ड कप फाइनल के बाद से टीम इंडिया ने अब तक कुल 30 वनडे मैच खेले हैं. इनमें से भारत ने 19 मैचों में धमाकेदार जीत दर्ज की है, जबकि 10 मैचों में उसे हार मिली और एक मैच बेनतीजा रहा. इस दौरान भारत ने दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और अफगानिस्तान जैसी मजबूत टीमों को वनडे सीरीज में धूल चटाई. साथ ही, टीम इंडिया ने 2025 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतकर भी अपनी बादशाहत साबित की थी
भारतीय टीम के शेड्यूल में आने वाले समय में कुछ और वनडे मैच जुड़ सकते हैं. दरअसल, भारत और बांग्लादेश के बीच पहले टल चुकी वनडे सीरीज को अगर दोबारा शेड्यूल में जगह मिलती है, तो टीम इंडिया के मैचों की संख्या बढ़ जाएगी.इसके अलावा, साल 2027 का एशिया कप भी भारत की विश्व कप तैयारियों के लिए बेहद जरूरी साबित होगा. इस टूर्नामेंट के 50 ओवर फॉर्मेट में होने की पूरी उम्मीद है. ऐसे में, एशिया कप के कड़े मुकाबले भारतीय टीम को वर्ल्ड कप से ठीक पहले अपनी रणनीति मजबूत करने, खिलाड़ियों की भूमिकाएं तय करने और दबाव वाले बड़े मैचों में खुद को परखने का एक बेहतरीन मौका देंगे



टिप्पणियाँ 0