Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला टीम ने इतिहास रचते हुए एथलेटिक्स (ट्रैक एंड फील्ड) स्पर्धा में देश को पहला गोल्ड मेडल दिलाया है. 4x400 मीटर…

Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला टीम ने इतिहास रचते हुए एथलेटिक्स (ट्रैक एंड फील्ड) स्पर्धा में देश को पहला गोल्ड मेडल दिलाया है. 4x400 मीटर रिले रेस के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में किरण, माचेत्तिरा पूवम्मा, प्राची और विथ्या रामराज की चौकड़ी ने बहरीन की टीम को कड़ी टक्कर देते हुए पीछे छोड़ दिया. भारतीय टीम ने अपनी रफ्तार का जलवा बिखेरते हुए इस रेस को मात्र 3 मिनट 29.69 सेकंड में पूरा कर पोडियम पर पहला स्थान हासिल किया. इस शानदार और सुनहरी जीत के साथ ही भारतीय एथलीटों ने पूरे टूर्नामेंट का अंत एक बेहद यादगार अंदाज में किया है

रेस का फाइनल मुकाबला सांसें थाम देने वाला था. भारत की चार स्टार धावकों, किरण चहल, माचेत्तिरा पूवम्मा, प्राची चौधरी और विथ्या रामराजने शुरुआत से ही अपनी स्थिति मजबूत रखी. रेस के अंतिम 100 मीटर में मुकाबला बेहद कड़ा हो गया था, जहां बहरीन और चीन की धावक भारतीय टीम को कड़ी टक्कर दे रही थीं. लेकिन भारतीय टीम ने दबाव के आगे घुटने नहीं टेके. चारों एथलीटों ने सूझबूझ से बैटन ट्रांसफर किया और फिनिशिंग लाइन की तरफ चीते की रफ्तार से दौड़ लगा दी

इस कांटे की टक्कर वाली रेस में भारतीय महिला टीम ने अपनी रफ्तार का ऐसा जलवा बिखेरा कि 3 मिनट 29.69 सेकंड में फिनिशिंग लाइन पार कर पहला स्थान हासिल किया और गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया. भारतीय चौकड़ी ने दूसरे नंबर पर रही बहरीन की टीम को बहुत मामूली अंतर से पछाड़ा, जिसने 3 मिनट 30.21 सेकंड का समय लेकर सिल्वर मेडल जीता. वहीं, इस रेस में चीन की टीम तीसरे स्थान पर रही और उसने 3 मिनट 31.02 सेकंड के समय के साथ ब्रॉन्ज मेडल से संतोष किया

GOLD! 🥇 India have won the women's 4x400m relay in 3:29.69. Bahrain were 2nd in 3:30.21, and the rest of the field isn't on the board yet. This is India's first athletics gold of these Games.The feed lists the team as Kiran, Machettira Poovamma, Prachi and Vithya Ramraj. The… pic.twitter.com/1T8z1xMPkz

इस एशियन गेम्स में भारत कई खेलों में शानदार प्रदर्शन कर रहा था, लेकिन एथलेटिक्स के ट्रैक इवेंट्स में गोल्ड मेडल का इंतजार लंबा होता जा रहा था. किरण, पूवम्मा, प्राची और विथ्या की इस शानदार टीम ने न सिर्फ भारत के उस इंतजार को खत्म किया, बल्कि देश को एशियन गेम्स 2026 का छठा गोल्ड मेडल भी दिला दिया

अनिमेश कुजूर, गुरिंदरवीर सिंह, हरिता भद्रा और स्नेहा एस की चौकड़ी ने मिक्स्ड 4x100 मीटर रिले रेस में गजब की रफ्तार और तालमेल दिखाया. भारतीय टीम ने मात्र 41.06 सेकंड का रिकॉर्ड समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया और ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया. यह शानदार टाइमिंग अब एक नया भारतीय नेशनल रिकॉर्ड है. इसी के साथ भारत ने एशियन गेम्स के इतिहास में 36 साल का सूखा खत्म किया है, क्योंकि साल 1990 के बाद इस स्प्रिंट रिले स्पर्धा में भारत को पहली बार कोई मेडल मिला है

रिले टीम के धमाके के बाद हाई जंप के मैदान से भी भारत के लिए बड़ी खुशखबरी आई. हरियाणा की 19 वर्षीय राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारी पूजा सिंह ने महिलाओं की हाई जंप स्पर्धा में दिग्गज खिलाड़ियों के बीच कमाल का धैर्य दिखाया और ब्रॉन्ड मेडल जीता. एशियन गेम्स के पूरे इतिहास में महिला हाई जंप स्पर्धा में भारत का यह सिर्फ दूसरा मेडल है, जो इस युवा खिलाड़ी की कामयाबी को देश के लिए बेहद खास और ऐतिहासिक बनाता है