मध्य प्रदेश के सिंगरौली से एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां की रहने वाली एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी की मौत हो गई है. फेसबुक और इंस्टाग्राम पर निधि के…

मध्य प्रदेश के सिंगरौली से एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां की रहने वाली एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी की मौत हो गई है. फेसबुक और इंस्टाग्राम पर निधि के करीब 16 लाख फॉलोअर्स थे. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने अपने घर में ही आत्महत्या की है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. सुसाइड की असल वजह अब तक सामने नहीं आई है

निधि तिवारी सोशल मीडिया पर काफी ज्यादा एक्टिव थीं. फेसबुक पर उनके करीब 9 लाख और इंस्टाग्राम पर करीब 7 लाख फॉलोअर्स थे. उनके डांस वीडियो और दूसरे सोशल मीडिया कंटेंट की बड़ी संख्या में लोग देखते थे. उनके पोस्ट पर हजारों प्रतिक्रियाएं आती थीं. कई वीडियोज पर मिलियन व्यूज भी आएं हैं. निधि सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित नहीं थीं. वह मॉडलिंग, स्थानीय कार्यक्रमों और डिजिटल कंटेंट से भी जुड़ी हुई थीं. रिपोर्टों के अनुसार, वह आगे चलकर एक्टिंग और फिल्म इंडस्ट्री में करियर बनाने की इच्छा रखती थीं

निधि तिवारी ने साल 2024 में Miss Pretty India का खिताब जीता था. इसके बाद उन्होंने मॉडलिंग और एक्टिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ने की कोशिश की. सोशल मीडिया पर उनकी लोकप्रियता लगातार बनी हुई थी और वह अपने फॉलोअर्स के साथ नियमित रूप से तस्वीरें, वीडियो और रील्स साझा करती थीं

रिपोर्टों के मुताबिक, शनिवार शाम निधि अपने घर पर फोन पर किसी व्यक्ति से बातचीत कर रही थीं. उनके परिवार ने पुलिस को बताया कि बातचीत के दौरान कुछ विवाद हुआ था. हालांकि, पुलिस अभी फोन पर हुई बातचीत और उससे जुड़े घटनाक्रम की जांच कर रही है. इसलिए इसे उनकी मौत की वजह के तौर पर स्थापित नहीं किया गया है

निधि का शव उनके घर के कमरे में मिला. परिवार के लोग उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई और जांच शुरू की गई

मोरवा थाना पुलिस निधि तिवारी की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. पुलिस परिवार के सदस्यों, परिचितों और उनसे जुड़े अन्य लोगों से जानकारी जुटा रही है. इसके अलावा फोन रिकॉर्ड, डिजिटल गतिविधियों, सोशल मीडिया अकाउंट और घटना से पहले हुई बातचीत की भी जांच की जा रही है. पुलिस अधिकारियों ने यह भी कहा है कि जांच पूरी होने से पहले उनकी मौत की वजह को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा

निधि तिवारी की मौत की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके फॉलोअर्स और परिचितों ने दुख जताया. बड़ी संख्या में लोगों ने उनके पुराने पोस्ट और वीडियो साझा करते हुए श्रद्धांजलि दी. 30 साल की उम्र में सोशल मीडिया पर पहचान बनाने वाली निधि के अचानक निधन से उनके चाहने वालों के बीच शोक का माहौल है