देवाधिदेव महादेव की नगरी काशी जल्द ही भारतीय वायुसेना के शौर्य और सामर्थ्य की गवाह बनेगी। वाराणसी के नमो घाट पर 24 से 26 अक्टूबर तक प्रस्तावित भव्य एयर शो की त…
देवाधिदेव महादेव की नगरी काशी जल्द ही भारतीय वायुसेना के शौर्य और सामर्थ्य की गवाह बनेगी। वाराणसी के नमो घाट पर 24 से 26 अक्टूबर तक प्रस्तावित भव्य एयर शो की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। 25 अक्टूबर को होने वाले मुख्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने की संभावना है।बैठक में भारतीय वायुसेना, वाराणसी जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के सामने एयर शो की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
आयोजन स्थल पर दर्शक दीर्घा, ग्रैंड स्टैंड, वीआईपी और वीवीआईपी क्षेत्र, मीडिया एरिया, प्रवेश-निकास मार्ग और सुरक्षा जांच केंद्र समेत अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। नमो घाट और आसपास के गंगा तटवर्ती क्षेत्रों में संभावित भीड़ को देखते हुए इलाके को जोन और सेक्टर में बांटकर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की योजना भी साझा की गई।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एयर शो को लेकर लोगों में काफी उत्सुकता है और बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में भीड़ प्रबंधन, यातायात, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था की एकीकृत कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने आयोजन स्थल के प्रत्येक सेक्टर में पर्याप्त पुलिस बल और मैजिस्ट्रेट की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएम ने कहा कि नमो घाट के अलावा काशी के दूसरे प्रमुख घाटों पर भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए घाटों पर भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, पार्किंग और जल-थल मार्ग से आवागमन की व्यवस्था को आपस में समन्वित किया जाए। उन्होंने सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए मॉकड्रिल कराने के भी निर्देश दिए, ताकि जरूरत पड़ने पर सभी संबंधित टीमें तत्काल समन्वय के साथ कार्रवाई कर सकें।मुख्यमंत्री ने वाराणसी मंडल के सभी जिलाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि आसपास के जिलों से आने वाले लोगों की संभावित आवाजाही को देखते हुए पर्याप्त मानव संसाधन और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं। भारतीय वायुसेना, जिला प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करें, ताकि एयर शो के दौरान श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आम नागरिकों को सुरक्षित और सुगम वातावरण मिल सके।






टिप्पणियाँ 0