UP Weather: उत्तर प्रदेश में शनिवार को भी मानसून का असर बना रहेगा. मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है. कुछ इलाकों में हल्की ब…

UP Weather: उत्तर प्रदेश में शनिवार को भी मानसून का असर बना रहेगा. मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है. कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है। लगातार हो रही बारिश के कारण राज्य के तापमान में कमी आई है, जिससे मौसम में ठंडक के साथ नमी महसूस की जा रही है. मौसम विभाग ने राज्य के 17 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 21 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान तेज हवाएं चलने के साथ कई जगहों पर बिजली गिरने की भी आशंका है

मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ पश्चिमी हिस्सों में भी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है. कुछ इलाकों में भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए हैं. मौसम विभाग के अनुसार, बारिश के दौरान हवाओं की रफ्तार करीब 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. कुछ स्थानों पर इससे अधिक तेज हवाएं चलने की संभावना भी है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है

मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, संत कबीर नगर, बस्ती, महाराजगंज, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकर नगर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों के आसपास के इलाकों में भी तेज बारिश होने की संभावना बनी हुई है। भारी बारिश के दौरान जलभराव जैसी स्थिति पैदा हो सकती है

राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. इनमें कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, हरदोई, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर और गोंडा शामिल हैं. इसके अलावा लखीमपुर खीरी, सीतापुर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में भी भारी बारिश का अनुमान जताया गया है. यानी अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के बड़े हिस्से में बारिश का असर देखने को मिल सकता है

मौसम विभाग के अनुसार, बारिश का असर रविवार तक बना रह सकता है. रविवार शाम के बाद कुछ इलाकों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है. हालांकि, अलग-अलग क्षेत्रों में मौसम का असर अलग रह सकता है

लगातार बारिश के कारण उत्तर प्रदेश में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है. राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 4 से 6 डिग्री तक नीचे चला गया है. राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 23 से 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. बारिश के कारण वातावरण में नमी बढ़ने के साथ लोगों को मौसम में ठंडक महसूस हो रही है. बारिश के साथ कुछ इलाकों में बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। ऐसे मौसम में खुले स्थानों पर जाने से बचना और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करना जरूरी है