ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक हुनर और औद्योगिक ताकत को वैश्विक बाजार से जोड़ने की तैयारी तेज हो गई है। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026…

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक हुनर और औद्योगिक ताकत को वैश्विक बाजार से जोड़ने की तैयारी तेज हो गई है। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने  गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, आवास और आगंतुक सुविधाओं समेत सभी व्यवस्थाएं तय समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।ट्रेड शो के चौथे संस्करण में जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस भागीदार देश होंगे। करीब 600 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के पहुंचने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रेड शो उत्तर प्रदेश के उत्पादों को दुनिया के बाजार तक पहुंचाने के साथ प्रदेश की एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को गति देगा। आयोजन के जरिए वोकल फॉर लोकल और मेक इन इंडिया को भी बढ़ावा मिलेगा।छह भागीदार देशों के लिए विशेष प्रीमियम पवेलियन बनाए जाएंगे। यहां द्विपक्षीय व्यावसायिक सत्र और बी2बी बैठकें आयोजित होंगी। विदेशी खरीदारों और प्रदर्शकों के लिए बेहतर आवास व्यवस्था के साथ भागीदार देशों के उच्चायुक्तों के लिए लायजन ऑफिसर नियुक्त किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ जोड़ने और उद्योग जगत के साथ अतिरिक्त संवाद सत्र आयोजित करने के निर्देश भी दिए।

ट्रेड शो में 20 से अधिक नॉलेज सेशन आयोजित किए जाएंगे। इनमें उद्योग, निवेश और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। संबंधित विभागों के मंत्री और प्रमुख सचिव भी तकनीकी सत्रों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने नॉलेज सेशन को संक्षिप्त, प्रभावशाली और उपयोगी बनाने के निर्देश दिए हैं।इस बार ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता की भी झलक देखने को मिलेगी। अवध, ब्रज और बुंदेलखंड समेत अलग-अलग क्षेत्रों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए 25 सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के स्लॉट तैयार किए गए हैं, जिनमें कथक, पखावज, सितार, भोजपुरी और आल्हा गायन के साथ राई और थारू जनजातीय नृत्य तथा स्टार म्यूजिकल नाइट्स शामिल हैं।इस वर्ष ट्रेड शो की केंद्रीय थीम ‘अद्वितीय सोर्सिंग का अद्भुत मंच’ रखी गई है। आयोजन में वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट, एमएसएमई, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी, डिफेंस एवं एयरोस्पेस, कृषि, नवीकरणीय ऊर्जा, ऑटोमोबाइल एवं ईवी, फार्मा, हेल्थकेयर, टेक्सटाइल, हथकरघा, लॉजिस्टिक्स, रियल एस्टेट और पर्यटन एवं संस्कृति समेत कई क्षेत्रों के उत्पाद और सेवाएं प्रदर्शित की जाएंगी।भूतल और द्वितीय तल के हॉल में करीब 36,500 वर्ग मीटर प्रदर्शनी क्षेत्र बुक हो चुका है। औद्योगिक विकास प्राधिकरणों और कॉरपोरेट संस्थाओं के लिए ले-आउट को भी अंतिम रूप दिया जा चुका है।

सरकारी विभागों के स्टॉल 23 सितंबर तक तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।आयोजन स्थल को स्वच्छ, व्यवस्थित और प्लास्टिक मुक्त रखने की तैयारी है। प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे, इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन, दिशा-सूचक बोर्ड और सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। प्रवेश और निकास बिंदुओं पर फ्रिस्किंग, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा बलों की तैनाती होगी। पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन, भोजन और पेयजल की भी व्यापक व्यवस्था की जाएगी।पार्किंग क्षेत्रों से प्रदर्शनी स्थल तक पहुंचने के लिए 500 से अधिक ईवी शटल बसें चलेंगी। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों और वीवीआईपी के लिए विशेष यूपीआईटीएस सुविधा काउंटर भी संचालित किया जा रहा है। ट्रेड शो के प्रचार के लिए मेट्रो, सिटी बस, मल्टीप्लेक्स स्क्रीन, रेडियो और डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जा रहा है। मेटा प्लेटफॉर्म पर प्रचार वीडियो को अब तक 1.3 करोड़ से अधिक व्यूज मिल चुके हैं।युवाओं और छात्रों की भागीदारी बढ़ाने के लिए डिजिटल रील चैलेंज, यंग एंटरप्रेन्योर प्रतियोगिता और विशेष क्विज आयोजित की जाएगी। गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय और तकनीकी विश्वविद्यालयों के छात्रों को वॉलंटियर के तौर पर जोड़ा जाएगा। सीएम फेलो, उद्यमी मित्र और अन्य युवा स्वयंसेवक भी विदेशी खरीदारों, प्रदर्शकों और मेहमानों की सहायता करेंगे।