लखनऊ, 3 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर योगी सरकार उत्तर प्रदेश में एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाए…
लखनऊ, 3 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर योगी सरकार उत्तर प्रदेश में एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर होगी और 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में जनसेवा एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सरकार की मंशा अभियान को केवल सरकारी आयोजनों तक सीमित रखने के बजाय इसमें आमजन की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने की है।ग्राम पंचायत और न्याय पंचायत स्तर से लेकर जिला मुख्यालय, नगर निकायों और महानगरों तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के जरिए प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा से लोगों को परिचित कराने के साथ नागरिकों को ‘विकसित भारत-2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने पर जोर रहेगा।
17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आगाज होगा। गांवों से लेकर शहरों तक जनभागीदारी के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे। अभियान के दौरान ‘करोड़ों बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘घर-घर से राष्ट्र तक रंगोली’, ‘इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवा महाकुंभ’ जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत प्रदेशभर में स्वच्छता और वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। घाटों, पार्कों और गोशालाओं की सफाई एवं सौंदर्यीकरण के साथ रक्तदान शिविर भी लगाए जाएंगे। वहीं ‘आरोग्य मेलों’ के माध्यम से लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। बच्चों और युवाओं को जोड़ने के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं नवाचार आधारित कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
‘नमो सेवा गाथा’ के जरिए प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में हुए बदलावों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।अभियान के तहत 7 अक्टूबर को प्रदेश के प्रत्येक जिले में ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ निकाली जाएगी। यात्रा के माध्यम से लोगों को विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का सामूहिक संकल्प दिलाया जाएगा। विभिन्न स्थानों पर बड़ी स्क्रीन लगाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन का प्रसारण भी किया जाएगा।‘सेवा संकल्प अभियान’ के प्रभावी संचालन के लिए उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय को उत्तर प्रदेश का प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। अभियान को सफल बनाने के लिए वह जल्द ही संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में विभागवार जिम्मेदारियां तय करने के साथ कार्यक्रमों के आयोजन और क्रियान्वयन की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी। योगी सरकार का लक्ष्य है कि महीनेभर चलने वाला यह अभियान महज कार्यक्रमों की श्रृंखला बनकर न रह जाए, बल्कि जनसेवा, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को प्रदेश के गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचाने का माध्यम बने।





