UP News: योगी सरकार लगातार राज्य के धार्मिक स्थलों के विकास की दिशा में काम कर रही है. अब सीएम योगी संगमनगरी प्रयागराज में माघ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं बड…
UP News: योगी सरकार लगातार राज्य के धार्मिक स्थलों के विकास की दिशा में काम कर रही है. अब सीएम योगी संगमनगरी प्रयागराज में माघ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं बड़ी सौगात देने जा रहे हैं. दरअसल, सीएम योगी प्रयागराज में हर साल होने वाले माघ मेले में आने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रयागराज को काशी और अयोध्या से जोड़कर धार्मिक सर्किट बनाने जा रहे हैं
बता दें कि अयोध्या, काशी यानी वाराणसी और प्रयागराज उत्तर प्रदेश के तीन सबसे पवित्र और महत्वपूर्ण आध्यात्मिक केंद्र हैं. ऐसे में इन तीनों ही शहरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है लेकिन किसी खास मौके पर ये भीड़ कई गुना बढ़ जाती है. ऐसे में मेला प्राधिकरण ने इसके लिए प्लान तैयार किया है. जिसके तहत तीनों धार्मिक नगरों को जोड़ते हुए श्रद्धालुओं के लिए परिवहन सेवा शुरू करने की तैयारी की है. अधिकारियों का कहना है कि इससे माघ मेले में आने वाले श्रद्धालु प्रयागराज के साथ काशी और अयोध्या के प्रमुख धार्मिक स्थलों के भी आसानी से दर्शन कर सकेंगे
बता दें कि प्रयागराज में हर साल लगने वाले माघ मेले को लेकर अभी से प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. पिछले मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए इस बार कई स्तरों पर व्यवस्थाओं को बढ़ाने की तैयारी है. मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम के मुताबिक, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रयागराज को काशी और अयोध्या से जोड़ने वाली सेवा शुरू करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है
इसके लिए संबंधित विभागों के साथ मिलकर जरूरी व्यवस्थाएं तैयार की जाएंगी. मेले के दौरान वाहनों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए पार्किंग क्षमता बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है. प्रमुख प्रवेश मार्गों के साथ-साथ मेला क्षेत्र के आसपास नए पार्किंग स्थल विकसित किए जाएंगे, जिससे शहर और मेला क्षेत्र में वाहनों का दबाव कम किया जा सके
प्रशासन रेलवे के साथ भी लगातार संपर्क में है. मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की संभावित संख्या और रेल यातायात की स्थिति को लेकर रेलवे अधिकारियों से जानकारी ली जा रही है. जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त ट्रेनों और रैक की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं. प्रयागराज, काशी और अयोध्या को जोड़कर धार्मिक यात्रा का एक प्रमुख मार्ग विकसित करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं. श्रद्धालु इन तीनों प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच ट्रेन, बस या निजी टैक्सी के जरिए आना जाना कर सकेंगे
वहीं मेजा तहसील के चांद खमरिया स्थित कृष्ण मृग आरक्षित क्षेत्र के संरक्षण को लेकर भी प्रशासन ने कदम उठाने शुरू कर दिए हैं. आरक्षित क्षेत्र में रह रहे लोगों को चिह्नित कर एक स्थान पर आवासीय कॉलोनी विकसित करके बसाने की योजना है. मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम ने शनिवार को आरक्षित क्षेत्र का निरीक्षण किया और इसके संरक्षण तथा समग्र विकास के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए
उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह से कहा कि पात्र परिवारों को मुख्यमंत्री आवासीय योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए. निरीक्षण के दौरान आरक्षित क्षेत्र की बची हुई भूमि का डी-मार्केशन कराने और उसकी सीमाओं का स्पष्ट निर्धारण करने पर भी जोर दिया गया. इसके बाद भूमि को वन विभाग को सुरक्षित रूप से हस्तांतरित करने और क्षेत्र की सुरक्षा के लिए मजबूत बाउंड्री तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं




