उत्तर कोरिया ने रविवार को एक बार फिर मिसाइल परीक्षण किया. जापान के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, प्योंगयांग ने कोरियाई प्रायद्वीप के पूर्वी तट से समुद्र की दिशा म…
उत्तर कोरिया ने रविवार को एक बार फिर मिसाइल परीक्षण किया. जापान के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, प्योंगयांग ने कोरियाई प्रायद्वीप के पूर्वी तट से समुद्र की दिशा में एक बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च की. दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्रालय ने भी लॉन्च की पुष्टि करते हुए इसे एक अज्ञात प्रोजेक्टाइल बताया है. जापान की सरकारी प्रसारण संस्था NHK के अनुसार, मिसाइल जापान के विशेष आर्थिक क्षेत्र (EEZ) के बाहर जाकर समुद्र में गिरी. फिलहाल लॉन्च से किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है. दक्षिण कोरियाई अधिकारियों ने मिसाइल की उड़ान और उससे जुड़े अन्य तकनीकी विवरणों का विश्लेषण शुरू कर दिया है
उत्तर कोरिया का यह कदम ऐसे समय सामने आया है जब उसके परमाणु कार्यक्रम को लेकर अंतरराष्ट्रीय दबाव लगातार बना हुआ है. लॉन्च से एक दिन पहले ही प्योंगयांग ने संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी संस्था के उस प्रस्ताव को खारिज कर दिया था, जिसमें उसके परमाणु कार्यक्रम को लेकर चिंता जताई गई थी. उत्तर कोरिया ने सरकारी मीडिया के जरिए अपना रुख सार्वजनिक किया
इससे पहले प्योंगयांग ने अमेरिका की अगुवाई में हुए बहुराष्ट्रीय नौसैनिक अभ्यास पर भी कड़ी प्रतिक्रिया दी थी. इस सैन्य अभ्यास में दक्षिण कोरिया और जापान की सेनाएं भी शामिल थीं. अभ्यास 29 अगस्त से 10 सितंबर के बीच गुआम के आसपास आयोजित किया गया था
उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग ने शुक्रवार को अमेरिका के नेतृत्व वाले सैन्य अभ्यासों की आलोचना की थी. उन्होंने इन गतिविधियों को कोरियाई प्रायद्वीप में बढ़ते तनाव के लिए जिम्मेदार बताया. किम यो जोंग ने यह भी स्पष्ट किया कि उत्तर कोरिया अपने परमाणु हथियारों को मजबूत करने की नीति से पीछे हटने वाला नहीं है. उनका बयान ऐसे समय आया जब अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान के बीच सुरक्षा सहयोग को लेकर प्योंगयांग लगातार आपत्ति जताता रहा है
उत्तर कोरिया के ताजा लॉन्च के बाद दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति कार्यालय ने रविवार को राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (NSC) की बैठक बुलाई. दक्षिण कोरियाई अधिकारियों के अनुसार, मिसाइलें वॉनसान क्षेत्र से पूर्वी सागर की ओर दागी गईं और इन्हें कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल माना जा रहा है. दक्षिण कोरिया ने इस परीक्षण की निंदा करते हुए प्योंगयांग से मिसाइल गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की. NSC ने कहा कि इस तरह के मिसाइल परीक्षण संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों का उल्लंघन हैं
यह करीब एक सप्ताह के भीतर उत्तर कोरिया का दूसरा मिसाइल परीक्षण बताया जा रहा है. इससे पहले 12 सितंबर को भी प्योंगयांग ने मिसाइल का परीक्षण किया था. लगातार हो रहे इन परीक्षणों से कोरियाई प्रायद्वीप में सैन्य गतिविधियों और तनाव को लेकर चिंता फिर बढ़ गई है






टिप्पणियाँ 0