लखनऊ, 27 सितंबर: उत्तर प्रदेश के देवीपाटन मंडल में एक लाख विद्यार्थियों को स्टडी टेबल मिलने के बाद बच्चों की खुशी अब उनकी चिट्ठियों में नजर आ रही है। बहराइच, ग…
लखनऊ, 27 सितंबर: उत्तर प्रदेश के देवीपाटन मंडल में एक लाख विद्यार्थियों को स्टडी टेबल मिलने के बाद बच्चों की खुशी अब उनकी चिट्ठियों में नजर आ रही है। बहराइच, गोंडा, बलरामपुर और श्रावस्ती के बच्चों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपने हाथों से आभार पत्र भेजे हैं। किसी बच्चे ने फूलों से पत्र सजाया तो किसी ने स्टडी टेबल का चित्र बनाकर अपनी खुशी जाहिर की। कई बच्चों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का चित्र बनाकर उन्हें धन्यवाद भी दिया।‘शिक्षा की उड़ान’ अभियान के तहत ग्रामीण परिवेश के मेधावी विद्यार्थियों को स्टडी टेबल उपलब्ध कराई गई हैं। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को घर पर पढ़ाई के लिए बेहतर और व्यवस्थित जगह उपलब्ध कराना है।
स्टडी टेबल पाने वाली छात्रा स्वाती ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में अपनी खुशी जाहिर की। उसने लिखा कि स्टडी टेबल और पढ़ाई की सामग्री मिलने से वह काफी प्रसन्न है। स्वाती के मुताबिक, अब वह रोजाना अपनी स्टडी टेबल पर बैठकर पढ़ाई करती है।स्वाती ने अपने आभार पत्र को फूलों से सजाया और उसके नीचे स्टडी टेबल, किताब और पेंसिल का चित्र भी बनाया। उसकी चिट्ठी में पढ़ाई को लेकर उत्साह साफ नजर आया।
Also Read-SIR के मुद्दे पर विपक्ष को CM योगी की नसीहत, बोले- भ्रम फैलाने के बजाय आत्ममंथन करे कांग्रेस
कक्षा छह की छात्रा सबा ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर स्टडी टेबल मिलने का अनुभव साझा किया। उसने बताया कि पहले घर पर पढ़ाई करने में उसे काफी परेशानी होती थी। लंबे समय तक सही तरीके से बैठकर पढ़ना मुश्किल था।सबा ने लिखा कि स्टडी टेबल मिलने के बाद पढ़ाई करना आसान हो गया है और अब उसकी पीठ में भी दर्द नहीं होता। उसने अपने पत्र के साथ स्टडी टेबल का चित्र बनाया और ‘सब पढ़ें-सब बढ़ें’ का संदेश भी लिखा।
कक्षा सात की छात्रा नुजहत फातिमा ने नीले चार्ट पेपर पर अपना आभार पत्र तैयार किया। उसने लिखा कि स्टडी टेबल मिलने के बाद उसे पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिला है। इससे पढ़ाई में उसकी रुचि बढ़ी है और वह पहले की तुलना में अधिक एकाग्र होकर पढ़ पा रही है।नुजहत ने बताया कि वह स्टडी टेबल पर अपना गृहकार्य पूरा करने के साथ पढ़े हुए पाठ का दोहराव भी करती है। उसने रंगीन पेंसिलों से पढ़ती हुई छात्रा का चित्र बनाकर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।
बच्चों के आभार पत्र सिर्फ धन्यवाद तक सीमित नहीं रहे। कई विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के जरिए पोस्टर और चित्र भी बनाए। एक बच्चे ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का चित्र बनाकर उसके दोनों ओर ‘बेटी बचाओ’ और ‘बेटी पढ़ाओ’ का संदेश लिखा।एक अन्य पोस्टर में छात्रा को स्टडी टेबल मिलते हुए दिखाया गया और लिखा गया- ‘बेटी पढ़ेगी, आगे बढ़ेगी, उत्तर प्रदेश का नाम बढ़ाएगी।’ कुछ बच्चों ने ‘Thank You’ लिखकर मुख्यमंत्री, छात्रा और स्टडी टेबल का चित्र एक साथ बनाया।
मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल के अनुसार, देवीपाटन मंडल के चार जिलों में ‘शिक्षा की उड़ान’ अभियान के तहत एक लाख स्टडी टेबल बांटने का लक्ष्य रखा गया था, जिसे पूरा कर लिया गया है।आंकड़ों के अनुसार, बहराइच में 34,260, गोंडा में 27,650, बलरामपुर में 26,984 और श्रावस्ती में 11,106 स्टडी टेबल वितरित की गई हैं।अभियान के तहत सरकारी विद्यालयों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के साथ कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की सभी छात्राओं को भी लाभार्थियों में शामिल किया गया है। मंडलायुक्त के मुताबिक, इसे एक सतत अभियान के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि भविष्य में भी मेधावी विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।
रश्मि सिंह एक अनुभवी पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें हिंदी पत्रकारिता, न्यूज़ रिपोर्टिंग और डिजिटल मीडिया का व्यापक अनुभव है। उन्होंने मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है और अपने पत्रकारिता करियर में कई बड़े मीडिया संस्थानों और न्यूज़ चैनलों के साथ काम किया है।राजनीति, जनसरोकार, उत्तर प्रदेश की सियासत और समसामयिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ है। खबरों को सरल, तथ्यपरक और पाठकों के लिए रोचक अंदाज में प्रस्तुत करना उनकी लेखन शैली की खासियत है। डिजिटल पत्रकारिता के बदलते दौर में रश्मि सिंह का प्रयास है कि पाठकों तक तेज, विश्वसनीय और आसान भाषा में तथ्य आधारित खबरें पहुंचें।
Welcome! Log into your account
Forgot your password? Get help






टिप्पणियाँ 0