Vrindavan News: वृंदावन कोतवाली क्षेत्र के वाराह घाट इलाके में शुक्रवार को साधु वेशधारी एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रसिक दुलारी शरण के र…
Vrindavan News: वृंदावन कोतवाली क्षेत्र के वाराह घाट इलाके में शुक्रवार को साधु वेशधारी एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रसिक दुलारी शरण के रूप में बताई जा रही है। बताया गया है कि वह संत प्रेमानंद महाराज से जुड़े आश्रम परिसर में रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक, युवक की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत होने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस ने हत्या समेत अन्य संभावित पहलुओं से भी जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, रसिक दुलारी शरण गुरुवार शाम बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर गया था। कुछ देर बाद वह नीचे गिर गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।गंभीर चोट लगने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर वृंदावन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया है कि मृतक जबलपुर, मध्य प्रदेश का रहने वाला था और उसकी उम्र करीब 26 वर्ष थी। दीक्षा के बाद उसका नाम रसिक दुलारी शरण बताया गया है।रिपोर्ट के मुताबिक, वह वर्ष 2026 से केली कुंज आश्रम से जुड़े गुरु कृपा कुंज में रह रहा था। इस परिसर में संत प्रेमानंद महाराज से जुड़े अन्य शिष्य भी रहते हैं।
पुलिस को मृतक के शरीर पर कुछ चोट के निशान मिले हैं। इन चोटों की प्रकृति और घटना से उनका संबंध क्या है, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी।घटनास्थल से एक उपकरण मिलने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने से पहले इससे मौत की परिस्थितियों के बारे में कोई निश्चित निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा।
बताया जा रहा है कि रसिक दुलारी शरण बिजली का काम करता था और आश्रम में भी बिजली से संबंधित सेवाएं करता था।पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना के समय वह कमरे में अकेला था। इसके बाद वह बिल्डिंग की चौथी मंजिल की छत पर गया और वहां से नीचे गिर गया।घटना के पीछे की वास्तविक वजह जानने के लिए पुलिस आसपास के लोगों और संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है।
मामले में पुलिस आत्महत्या की आशंका के साथ-साथ अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।देर रात तक पुलिस को मामले में किसी पक्ष की ओर से तहरीर मिलने की जानकारी नहीं थी।
सीओ वृंदावन संदीप सिंह के अनुसार पुलिस को सर्वोदय अस्पताल से घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। मौके पर फॉरेंसिक टीम और वृंदावन पुलिस ने जांच की है।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर अधिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है।






टिप्पणियाँ 0