इटावा, 2 सितंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दे रही है। मुख्यमंत्री…
इटावा, 2 सितंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दे रही है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा) के जरिए युवाओं को अपना कारोबार शुरू करने के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इटावा के महेवा क्षेत्र की साधना ने इसी योजना का लाभ लेकर ‘जय भोले वाटर प्लांट’ स्थापित किया और अपने परिवार के लिए आर्थिक मजबूती का आधार तैयार किया।
साधना को सीएम युवा योजना की जानकारी एक समाचार पत्र के माध्यम से मिली। उस समय उनके पास अपना कोई व्यवसाय नहीं था, लेकिन वह परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर करने के साथ आत्मनिर्भर बनना चाहती थीं। योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने आवेदन किया और अपना उद्यम शुरू करने का फैसला किया।अप्रैल 2025 में साधना को योजना के तहत 3.20 लाख रुपये का ऋण और 87 हजार रुपये का अनुदान मिला। इसी आर्थिक सहायता से उन्होंने ‘जय भोले वाटर प्लांट’ की शुरुआत की। साधना के मुताबिक, व्यवसाय शुरू करने में सबसे बड़ी चुनौती पूंजी की थी।
सरकारी मदद मिलने के बाद उनके लिए कारोबार शुरू करना संभव हुआ। वाटर प्लांट के जरिए उन्होंने लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का काम शुरू किया। बेहतर गुणवत्ता और लगातार अच्छी सेवा के चलते धीरे-धीरे ग्राहकों का भरोसा बढ़ता गया और कारोबार ने रफ्तार पकड़ ली।मेहनत और गुणवत्तापूर्ण सेवा के दम पर साधना के उद्यम ने अब अपनी पहचान बना ली है। वर्तमान में वाटर प्लांट का सालाना टर्नओवर करीब 4.20 लाख रुपये तक पहुंच गया है। इतना ही नहीं, उनके उद्यम से छह लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार भी मिला है। इस तरह साधना का कारोबार उनके परिवार के साथ-साथ अन्य परिवारों की आजीविका का भी सहारा बन रहा है।
साधना अब अपने कारोबार को और विस्तार देने की तैयारी में हैं। उनका लक्ष्य अधिक लोगों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। उनका कहना है कि सरकार की योजनाओं से मिलने वाला सहयोग और खुद की मेहनत मिलकर आत्मनिर्भर बनने की राह आसान कर सकते हैं।साधना की कहानी बताती है कि सही अवसर और सरकारी सहयोग मिलने पर महिलाएं भी स्वरोजगार के जरिए न केवल अपने परिवार को आर्थिक मजबूती दे सकती हैं, बल्कि दूसरों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा कर सकती हैं। सीएम युवा योजना उनके लिए आत्मनिर्भरता की दिशा में एक मजबूत आधार साबित हुई है।





