मेरठ, 21 सितंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मेरठ में भाजपा के पश्चिम क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजकों के सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर…

मेरठ, 21 सितंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मेरठ में भाजपा के पश्चिम क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजकों के सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और समाज को जाति, क्षेत्र व भाषा के नाम पर बांटने की कोशिशों को नाकाम करने का आह्वान किया। सीएम योगी ने कहा कि व्यक्ति से बड़ा दल और दल से बड़ा देश है। भाजपा कार्यकर्ताओं को हमेशा ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ काम करना चाहिए।मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ नकारात्मक ताकतें जाति के नाम पर समाज और महापुरुषों को बांटने का प्रयास करेंगी। महापुरुष किसी एक जाति के नहीं, बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र के होते हैं। उन्होंने कोतवाल धन सिंह गुर्जर, महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज, गुरु गोविंद सिंह और दुर्गा भाभी का उदाहरण देते हुए कहा कि इन्हें जातीय दायरे में सीमित नहीं किया जा सकता। उन्होंने शक्ति केंद्र प्रमुखों को हर बूथ की समीक्षा, पन्ना प्रमुखों की जिम्मेदारी तय करने और एक-एक परिवार की मैपिंग करने के निर्देश दिए।

सीएम योगी ने कहा कि 2014 के बाद देश ने विकास के साथ अपनी विरासत पर गर्व करना सीखा है। अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर का निर्माण इसका बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि जो काम 500 वर्षों में नहीं हो पाया, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संभव हुआ। काशी विश्वनाथ धाम से लेकर अयोध्या तक देश अपनी सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दे रहा है। मुख्यमंत्री ने मेरठ के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि अब यहां कट्टा-बंदूक की राजनीति नहीं हो सकती। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, नमो भारत, स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क और सेमीकंडक्टर जैसी परियोजनाएं क्षेत्र के बदलते स्वरूप की तस्वीर पेश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान अब ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ नहीं, बल्कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ से हो रही है।

योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश कभी बीमारू राज्य के रूप में जाना जाता था, लेकिन आज देश की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। उनके मुताबिक प्रदेश में 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है और पारंपरिक उद्यमों के जरिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि कानून-व्यवस्था में सुधार के बाद प्रदेश में निवेश और रोजगार की संभावनाएं बढ़ी हैं।मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं के परिश्रम को प्रदेश की बदली तस्वीर का अहम आधार बताया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को बताया जाना चाहिए कि कार्यकर्ताओं के प्रयासों से उत्तर प्रदेश ने विकास की नई बुलंदियां हासिल कीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से शक्ति केंद्र से लेकर बूथ तक संगठन को मजबूत करने और शत-प्रतिशत गठन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, राष्ट्रीय मंत्री जगदीश पटेल, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल, क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि शक्ति केंद्र पार्टी की रीढ़ हैं और इनके कार्यकर्ताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पिछले वर्षों में बड़ा बदलाव आया है और संगठन के कार्यकर्ता पूरी मेहनत के साथ पार्टी को मजबूत करने में जुटे हैं।