Aaj Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 27 सितंबर को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार समेत 22 र…
Aaj Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 27 सितंबर को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार समेत 22 राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. कई इलाकों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है. कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है. भारी बारिश वाले इलाकों में अचानक बाढ़ और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है
IMD के मुताबिक, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे लगे उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर बना डिप्रेशन उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है. इसके प्रभाव से मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, छत्तीसगढ़ और बिहार के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 12 घंटे में यह सिस्टम धीरे-धीरे कमजोर हो सकता है. इसके बावजूद अगले 24 घंटे कई इलाकों में मौसम खराब रहने की संभावना है
उत्तर प्रदेश में 27 सितंबर को पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 27 सितंबर से 1 अक्टूबर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 27 से 29 सितंबर तक कुछ स्थानों पर बारिश जारी रह सकती है. बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका भी है. कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ आंधी चल सकती है. IMD ने पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान कम से मध्यम स्तर की अचानक बाढ़ का खतरा बताया है. पूर्वी यूपी में बहराइच, फर्रुखाबाद, गोंडा, हरदोई, कानपुर नगर, कानपुर देहात, खीरी, श्रावस्ती, उन्नाव, सीतापुर और कन्नौज शामिल हैं. वहीं पश्चिमी यूपी के बदायूं, बरेली, एटा, इटावा, फिरोजाबाद, कासगंज, मैनपुरी, पीलीभीत, शाहजहांपुर, रामपुर और मुरादाबाद में भी अचानक बाढ़ का खतरा बताया गया है
उत्तराखंड में 27 और 28 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने कई स्थानों पर मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. 28 सितंबर को कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है. लगातार खराब मौसम को देखते हुए चारधाम यात्रा को दो दिनों के लिए रोक दिया गया है. राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी भी दर्ज की गई है
ये भी पढे़ं: यूपी में बारिश ने मचाई तबाही! अब तक 10 लोगों की मौत; 100 से ज्यादा घर क्षतिग्रस्त; आज जमकर बरसेंगे बदरा
राजधानी दिल्ली में 27 सितंबर को मौसम बदला हुआ रहने की संभावना है. आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. बारिश के दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. 28 सितंबर को भी बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की तीव्रता कम होने की संभावना है। 29 सितंबर से मौसम में धीरे-धीरे सुधार होने का अनुमान है
बिहार में 27 सितंबर को कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।हालांकि मौसम विभाग ने आज बिहार के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है. राज्य में बारिश का सिलसिला 2 अक्टूबर तक जारी रहने का अनुमान है
हिमाचल प्रदेश में 27 सितंबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. IMD ने मूसलाधार बारिश की संभावना जताते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. राज्य में बारिश का दौर 28 सितंबर तक जारी रहने की संभावना है
मध्य प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में 27 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. पूर्वी मध्य प्रदेश में गरज-चमक और बिजली के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है. इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर हवा के झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है
झारखंड में 27 सितंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. राज्य में बारिश का दौर 2 अक्टूबर तक जारी रहने की संभावना है।इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं
IMD ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अलावा हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, गुजरात, कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना में भी अलग-अलग स्तर की बारिश का अनुमान जताया है. कई राज्यों में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं
दक्षिण भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में 27 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. केरल और माहे में 30 सितंबर से 2 अक्टूबर, तटीय कर्नाटक में 28 से 30 सितंबर और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक बारिश की संभावना है. दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 29 सितंबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 30 सितंबर से 1 अक्टूबर तथा केरल और माहे में 1 और 2 अक्टूबर को भारी बारिश होने का अनुमान है
मौसम विभाग ने समुद्र में जाने वाले मछुआरों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी है. 26 से 28 सितंबर के बीच सोमालिया तट के आसपास और दक्षिण-पश्चिम अरब सागर के कुछ हिस्सों के लिए चेतावनी जारी की गई है. हालांकि बंगाल की खाड़ी में मछुआरों के लिए फिलहाल किसी विशेष चेतावनी की जानकारी नहीं दी गई है
ये भी पढे़ं: भारत को UNSC में स्थायी सीट दिलाने के पक्ष में रूस, लावरोव बोले- एशिया-अफ्रीका को मिले ज्यादा जगह






टिप्पणियाँ 0