कांग्रेस विधायक और पूर्व पहलवान विनेश फोगाट ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है। जुलाना से विधायक विनेश फोगाट ने आरोप लगाया कि रा…

कांग्रेस विधायक और पूर्व पहलवान विनेश फोगाट ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है। जुलाना से विधायक विनेश फोगाट ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज की गई FIR के जरिए असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि समाज का कोई भी वर्ग मौजूदा बीजेपी सरकार से खुश नहीं है और कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर विधानसभा के अंदर और बाहर आवाज उठाती रहेगी।

विनेश फोगाट ने हरियाणा सरकार पर बेरोजगारी और रोजगार के मुद्दे को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सफाई कर्मचारियों से लेकर बेरोजगार युवाओं और शिक्षकों तक कई वर्ग अपनी मांगों को लेकर परेशान हैं। कांग्रेस विधायक ने दावा किया कि सरकार ने लाखों नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन कई युवाओं को नौकरी मिलने के बावजूद अभी तक जॉइनिंग लेटर नहीं मिला है। उन्होंने सरपंचों से जुड़े मुद्दों का भी जिक्र करते हुए सरकार पर निशाना साधा।

विनेश फोगाट ने कहा कि कांग्रेस जनता की प्रतिनिधि है और लोगों की समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि जनता जिस तरह अपने अधिकारों के लिए लड़ रही है, उसी तरह कांग्रेस भी उनके लिए आवाज उठाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी जनता को निराश नहीं करेगी और उनके मुद्दों को हर मंच पर उठाती रहेगी।

राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR को लेकर विनेश फोगाट ने इसे बीजेपी की साजिश करार दिया। उनका आरोप है कि जब किसी मुद्दे पर बीजेपी को राजनीतिक नैरेटिव बनाने का मौका मिलता है तो असली सवालों से ध्यान हटाने की कोशिश की जाती है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए थी, उनके बजाय राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज की गई, क्योंकि उन्होंने इस मुद्दे पर आवाज उठाई थी।

विनेश फोगाट ने हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद हुई घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि असली मुद्दा कांग्रेस अध्यक्ष के कथित अपमान और दलितों के साथ हुए व्यवहार से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि चाहे किसी भी वर्ग के साथ ऐसी घटना हो, उसे स्वीकार नहीं किया जा सकता। विनेश फोगाट के मुताबिक, इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए थी। उन्होंने आरोप लगाया कि विवाद खड़ा कर एक राजनीतिक नैरेटिव तैयार करने की कोशिश की जा रही है, ताकि असली मुद्दे पीछे छूट जाएं।

फिलहाल, विनेश फोगाट के बयान के बाद हरियाणा की सियासत में राहुल गांधी के खिलाफ FIR, बेरोजगारी और हल्द्वानी की घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।