पतंजलि के घी को लेकर दिए गए बयान के बाद 50 करोड़ रुपये की मानहानि का मुकदमा झेल रहे बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने एक बार फिर बाबा रामदेव और पतंजलि…

पतंजलि के घी को लेकर दिए गए बयान के बाद 50 करोड़ रुपये की मानहानि का मुकदमा झेल रहे बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने एक बार फिर बाबा रामदेव और पतंजलि के उत्पादों पर निशाना साधा है। गोंडा में मीडिया से बातचीत के दौरान बृजभूषण सिंह ने दावा किया कि कनाडा और सिंगापुर से कचरा लाकर उसे रिफाइन किया जा रहा है और फिर घी के नाम पर बेचा जा रहा है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि बाबा रामदेव के कई उत्पाद दूसरे देशों में बंद हो चुके हैं।बृजभूषण सिंह ने कहा कि पतंजलि फूड्स लिमिटेड ने उनके खिलाफ 50 करोड़ रुपये की मानहानि का मुकदमा मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में दायर किया है। उन्होंने कहा, “इसमें हमारी क्या गलती है? चर्चा, पर्चा और खर्चा राजनीति के लक्षण हैं। पहले कुछ प्रकरणों में चर्चा में थे, अब बाबा जी की कृपा से नकली घी की चर्चा में हैं।”पूर्व सांसद ने आगे कहा कि उन्होंने पहले ही कह दिया है कि अगर अदालत उन्हें सजा देती है तो वह जमानत नहीं कराएंगे और जेल जाने के लिए तैयार हैं।

बृजभूषण सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि बाबा रामदेव के कई प्रोडक्ट कई देशों में बंद हो चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि उनका घी और दवाइयां भी दूसरे देशों में प्रतिबंधित हो चुकी हैं। बृजभूषण ने कहा कि कनाडा और सिंगापुर का कचरा लाकर उसे रिफाइन कर भारत में घी के नाम पर बेचा जा रहा है और लोग उसे शुद्ध घी समझकर खा रहे हैं। उन्होंने सरकार से इस पूरे मामले को गंभीरता से लेने की मांग भी की।बृजभूषण सिंह ने अपने यहां तैयार होने वाले घी का उदाहरण देते हुए कहा कि उनके पास करीब 150 गाय हैं और महीने में लगभग 100 किलो शुद्ध घी निकलता है। उन्होंने कहा कि पहले वह इसे करीब 2 हजार रुपये किलो में बेचते थे, लेकिन अब इसकी कीमत 3 हजार रुपये से अधिक करेंगे। उन्होंने सवाल उठाया कि जब शुद्ध घी तैयार करने की लागत इतनी अधिक है तो कोई 2 हजार रुपये किलो में शुद्ध घी कैसे बेच सकता है। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच और खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर सरकार को गंभीर कदम उठाने चाहिए।

बृजभूषण शरण सिंह के बयान को लेकर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने उनका समर्थन किया है। सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए प्रमोद कृष्णम ने मामले को गंभीर और संवेदनशील बताया।उन्होंने लिखा कि यह मुद्दा सीधे लोगों की जिंदगी और मौत से जुड़ा हुआ है। प्रमोद कृष्णम ने बृजभूषण सिंह को जिम्मेदार नेता बताते हुए कहा कि अगर उनका दावा है कि शुद्ध देशी घी के नाम पर मिलावट कर लोगों को कुछ और बेचा जा रहा है, तो यह गंभीर मामला है और ऐसा करना दंडनीय अपराध है।इस तरह पतंजलि के उत्पादों को लेकर बृजभूषण सिंह के आरोपों के बीच अब आचार्य प्रमोद कृष्णम के समर्थन से मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।