Bihar News: बिहार विधान परिषद चुनाव से ठीक पहले जन सुराज पार्टी को झटका लगा है. दरअसल, तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किए जाने के महज 24 घंट…
Bihar News: बिहार विधान परिषद चुनाव से ठीक पहले जन सुराज पार्टी को झटका लगा है. दरअसल, तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किए जाने के महज 24 घंटे बाद ही शिक्षक नेता भूषण झा ने जन सुराज पार्टी से इस्तीफा दे दिया. इसके साथ ही उन्होंने एलान किया है कि अब वे निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ेंगे
बता दें कि मुजफ्फरपुर में हुई एक समीक्षा बैठक में भूषण झा ने अपने और अपने समर्थक शिक्षकों के साथ किए गए व्यवहार पर सवाल उठाए. उनके हटने के बाद अब जन सुराज पार्टी शनिवार को तिरहुत शिक्षक सीट के लिए एक नए उम्मीदवार की घोषणा करने वाली है
जन सुराज पार्टी छोड़ने के अपने फैसले की घोषणा करते हुए, भूषण झा ने आरोप लगाया कि जब वह अपनी बात रख रहे थे, तो उनके समर्थक शिक्षकों को समीक्षा बैठक की रिकॉर्डिंग करने से रोका गया. उन्होंने यह भी दावा किया कि उन पर पार्टी के तय किए गए एजेंडे के अनुसार ही बोलने का दबाव डाला जा रहा था. झा ने कहा कि उन्हें यह बात आपत्तिजनक लगी और साथी शिक्षकों के सुझावों के बाद, उन्होंने जन सुराज पार्टी छोड़कर निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है
बता दें कि यह बैठक 25 सितंबर को मुजफ्फरपुर के मादीपुर स्थित एक होटल में हुई, जिसमें प्रशांत किशोर भी मौजूद थे. बैठक के बाद ही भूषण झा ने पार्टी छोड़ने और निर्दलीय चुनाव लड़ने का एलान कर दिया. उन्होंने बैठक के दौरान अपने और अपने समर्थक शिक्षकों के साथ हुए व्यवहार को लेकर कई आरोप भी लगाए. जन सुराज पार्टी ने आठ सीटों के लिए उम्मीदवारों का एलान किया है
जन सुराज पार्टी ने गुरुवार को बिहार विधान परिषद की आठ में से तीन सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की थी. इन सीटों के लिए 23 अक्टूबर को चुनाव होने हैं. जबकि वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी. बता दें कि जन सुराज पार्टी ने बाकी पांच सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा पहले ही 20 सितंबर को कर दी थी
प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने पटना ग्रेजुएट्स से अनुज सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है. जबकि पटना टीचर्स के पद के लिए दिव्या ज्योति टिकट दिया है. जबकि तिरहुत ग्रेजुएट्स से विमोहन कुमार को अपना उम्मीदवार बनाया है. वहीं तिरहुत टीचर्स से जन सुराज ने भूषण झा को टिकट दिया था लेकिन उन्होंने अब निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने का एलान किया है. उधर दरभंगा ग्रेजुएट्स से रवींद्र यादव, दरभंगा टीचर्स से एसपी राय, कोसी ग्रेजुएट्स से रजनीश रंजन, सारण टीचर्स से अफाक अहमद को जन सुराज पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया है




टिप्पणियाँ 0