ASI Harjeet Singh: अमृतसर में ASI हरजीत सिंह की हत्या के मामले में पंजाब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस के मुताबिक, हत्याकांड के मुख्य आरोपियों में शामिल…
ASI Harjeet Singh: अमृतसर में ASI हरजीत सिंह की हत्या के मामले में पंजाब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस के मुताबिक, हत्याकांड के मुख्य आरोपियों में शामिल दीपक सिंह को मुठभेड़ के दौरान मार गिराया गया. इस कार्रवाई की पुष्टि अमृतसर पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने की है. पुलिस का दावा है कि आरोपी का संबंध पाकिस्तान में बैठे आतंकी शहजाद भट्टी और उसके मॉड्यूल से था. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों, टावर-डंप एनालिसिस और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर दीपक सिंह की पहचान की थी
पुलिस के अनुसार, शनिवार को एक नाके पर दीपक सिंह को रोकने की कोशिश की गई. इसी दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. इसके बाद पुलिस ने उसका पीछा किया. पीछा करने के दौरान आरोपी ने एक बार फिर पुलिसकर्मियों पर गोली चलाई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दीपक सिंह घायल हो गया. उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस के मुताबिक, इस दौरान एक अन्य संदिग्ध अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया
पुलिस जांच में सामने आया है कि दीपक सिंह पाकिस्तान में मौजूद शहजाद भट्टी और उसके आतंकी मॉड्यूल के संपर्क में था. पुलिस का कहना है कि इन लोगों को कथित तौर पर नशे के कारोबार का लालच देकर अपने नेटवर्क में शामिल किया गया था. जांच के मुताबिक, ASI हरजीत सिंह की हत्या के बाद आरोपी दोबारा घटनास्थल पर पहुंचे थे और वहां वीडियो बनाकर आगे भेजा था. पुलिस अब फरार संदिग्ध की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगाल रही है
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दीपक सिंह के पास से हथियार और अन्य सामान बरामद किया. पुलिस के मुताबिक, उसके पास से 30-बोर की पिस्तौल, दो मैगजीन, आठ जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल किया गया एक्टिवा स्कूटर मिला है. पुलिस अब बरामद मोबाइल और अन्य सामान की जांच कर रही है, ताकि हत्याकांड से जुड़े दूसरे लोगों और आतंकी मॉड्यूल के बारे में और जानकारी जुटाई जा सके
ASI हरजीत सिंह अमृतसर के गेट हकीमा थाने में तैनात थे. 18 सितंबर की देर रात वह मोटरसाइकिल से जा रहे थे. इसी दौरान भगतांवाला इलाके के पास अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोलीबारी कर दी. गोली लगने से हरजीत सिंह की मौत हो गई. घटना के बाद पंजाब पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और तकनीकी व स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई
ASI हरजीत सिंह की मौत के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री ने उनके परिवार के लिए 1 करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की थी. इसके अलावा परिवार को HDFC बैंक की ओर से 1 करोड़ रुपये का बीमा कवर मिलने की बात भी कही गई है. पुलिस अब मामले में फरार संदिग्ध की तलाश के साथ-साथ यह पता लगाने में जुटी है कि ASI हरजीत सिंह की हत्या की साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे
#WATCH | Amritsar: Police Commissioner Harmanbir Singh Gill encountered the accused involved in the shooting of police officer ASI Harjit Singh, who was killed during night patrol duty.CP Amritsar Harmanbir Singh Gill says, "We had been working very seriously on the case… pic.twitter.com/J9G8EDZVav


