Myanmar Airstrike: म्यांमार के रखाइन प्रांत में सेना ने बड़ा हवाई हमला किया है. अराकान आर्मी और बचाव कार्य से जुड़े एक स्थानीय अधिकारी ने बताया कि म्यांमार की…

Myanmar Airstrike: म्यांमार के रखाइन प्रांत में सेना ने बड़ा हवाई हमला किया है. अराकान आर्मी और बचाव कार्य से जुड़े एक स्थानीय अधिकारी ने बताया कि म्यांमार की सेना ने पश्चिमी रखाइन राज्य में एक भीड़-भाड़ वाले बाजार के पास हवाई हमला किया, जिसमें कम से कम 49 लोगों की मौत हो गई, जबकि 58 लोग घायल हुए हैं. यह हमला एक ताकतवर जातीय सशस्त्र समूह के नियंत्रण वाले इलाके में हुआ है

मारे गए लोगों में आम नागरिक शामिल हैं. जिनमें सामान बेचने वाले, खरीदार और पैदल चलने वाले लोग भी शामिल है. क्याउकटाव टाउनशिप में हुआ यह हमला म्यांमार में लंबे समय से चल रहे सशस्त्र संघर्ष के दौरान हुआ सबसे हालिया घातक हवाई हमला माना जा रहा है. बता दें कि राज्य में यह संघर्ष फरवरी 2021 में आंग सान सू की की चुनी हुई सरकार से सेना द्वारा सत्ता हथियाने के बाद से और तेज हुआ है

अराकान आर्मी के मुताबिक, सोमवार दोपहर के वक्त एक लड़ाकू विमान ने स्थानीय बाजार के पास दो बम गिराए. समूह ने बताया कि इस हमले में 49 लोगों की मौत हो गई और 58 अन्य घायल हो गए. घायलों में से 22 लोगों की हालत गंभीर बताई गई है. रखाइन में बचाव कार्य से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी, वाई हुन आंग ने भी 'द एसोसिएटेड प्रेस' को हताहतों की संख्या की पुष्टि की. उन्होंने घटनास्थल पर मौजूद बचाव कर्मियों से मिली जानकारी के आधार पर यह पुष्टि की

उन्होंने कहा कि यह बाजार इलाके का मुख्य थोक केंद्र है और यहां रखाइन राज्य के अलग-अलग हिस्सों से व्यापारी और खरीदार आते हैं. उन्होंने आगे कहा, "यह रखाइन में हुए सबसे भीषण हवाई हमलों में से एक है." क्यौकटाव, म्यांमार के दूसरे सबसे बड़े शहर मांडले से लगभग 340 किलोमीटर (210 मील) पश्चिम में स्थित है. इस इलाके पर अराकान आर्मी का नियंत्रण है, जो देश के सबसे शक्तिशाली जातीय सशस्त्र संगठनों में से एक बनकर उभरा है

इस बीच सोशल मीडिया पर इस हमला से जुड़ी कई तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं. जिसमें हालात की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है. तस्वीरों में जलती हुई इमारतें, क्षतिग्रस्त गाड़ियां और पास के एक पुल के कुछ हिस्सों को देखा जा सकता है. हालांकि, अभी तक इस हमले की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है. म्यांमार की सेना ने इस घटना पर तुरंत कोई टिप्पणी नहीं की. सेना का पहले से ही यह कहना रहा है कि उसके हवाई अभियान वैध सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हैं और उसने सशस्त्र विद्रोही समूहों पर आतंकवाद का आरोप लगाया है

इस बीच अराकान आर्मी ने म्यांमार सेना पर जानबूझकर हवाई हमले करने का आरोप लगाया, जिससे बड़ी संख्या में आम नागरिक हताहत हुए हैं. मंगलवार सुबह जारी एक बयान में समूह ने कहा कि वह "जानबूझकर किए गए हवाई हमलों से जुड़े उन हमलों के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार व्यक्तियों और संगठनों के खिलाफ जल्द ही प्रभावी जवाबी कार्रवाई करेगा, जिनमें बड़ी संख्या में लोग हताहत हुए हैं."

बता दें कि म्यांमार में सेना और अराकान आर्मी के बीच 1 फरवरी 2021 से संघर्ष जारी है. तक सेना ने आंग सान सू की के नेतृत्व वाली चुनी हुई सरकार को हटा दिया था, उसके बाद सेही देश में संघर्ष जारी है. व्यापक विरोध-प्रदर्शनों के खिलाफ सुरक्षा बलों की सख्ती के कारण सैन्य शासन के कई विरोधियों ने हथियार उठा लिए हैं, जबकि जातीय सशस्त्र संगठनों ने देश के कई हिस्सों में अपने सैन्य अभियान बढ़ा दिए. इस संघर्ष ने म्यांमार के बड़े हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया है. रखाइन राज्य इस संघर्ष का सबसे बड़ा केंद्र बन गया है. अराकान सेना ने नवंबर 2023 में वहां एक बड़ा हमला शुरू किया और तब से रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्रीय सैन्य मुख्यालय और राज्य के 17 में से 14 कस्बों पर कब्जा कर लिया है