लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन से पहले प्रदेश की महिलाओं को कई बड़ी सौगातें दीं। उन्होंने ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ…
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन से पहले प्रदेश की महिलाओं को कई बड़ी सौगातें दीं। उन्होंने ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ करते हुए घोषणा की कि 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाएं उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी। इसके साथ ही स्नातक में पढ़ने वाली 50 हजार बेटियों को अक्टूबर-नवंबर में स्कूटी देने की घोषणा की।
इंदिरा प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में करीब साढ़े 12 करोड़ महिलाएं हैं और सरकार उनकी सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और नेतृत्व को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। रक्षाबंधन के अवसर पर 27 से 29 अगस्त तक महिलाओं और एक सहकर्मी को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा भी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के बाद प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति, महिला हेल्पडेस्क, 1090, 112, पिंक बूथ और एआई आधारित सेफ सिटी नेटवर्क जैसी व्यवस्थाएं मजबूत हुई हैं। उन्होंने बताया कि 2017 में प्रदेश में करीब 10 हजार महिला पुलिसकर्मी थीं, जो अब 45 हजार हो चुकी हैं। नई भर्ती के बाद यह संख्या 50 हजार तक पहुंच जाएगी।
सीएम ने कहा कि महिला स्वावलंबन के लिए स्वयं सहायता समूह, बीसी सखी, नमो ड्रोन दीदी, ओडीओपी, एमएसएमई और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। 8000 न्याय पंचायतों में डिजिटल इंटरप्रेन्योर की आधी संख्या महिलाओं की रखने का लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के साथ उन्हें निर्णय लेने वाली संस्थाओं में भी पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने पर जोर है। अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर 12 जनपदों में कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास बनाए जा रहे हैं, जहां प्रत्येक हॉस्टल में 500 महिलाओं के निःशुल्क रहने की व्यवस्था होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को चूल्हे से चेक, चेक से कारोबार और कारोबार से टेक्नोलॉजी तक पहुंचाना है। महिला शक्ति के सशक्तीकरण से ही प्रदेश की अर्थव्यवस्था और विकास को नई गति मिलेगी।





