उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले की अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में मंगलवार शाम को पूजा-पाठ के दौरान विवाद हो गया, जिसके बाद फायरिंह की घटना सामने आई. घटना…

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले की अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में मंगलवार शाम को पूजा-पाठ के दौरान विवाद हो गया, जिसके बाद फायरिंह की घटना सामने आई. घटना में आरोपी की पत्नी सहित तीन लोगों की मौत हो गई. मृतकों में पूजा करवाने घर आए दो पंडित भी शामिल हैं. घटना के बाद आरोपी अपने बच्चों के साथ घर के अंदर बंद हो गया था. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर को घेर लिया. आरोपी की बातचीत के जरिए बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया गया

शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी अरविंद सिंह के घर में सोमवार से पूजा-पाठ चल रहा था. मंगलवार शाम करीब छह बजे अरविंद बाजार से घर लौटा. घर में पूजा देखकर उसने वहां मौजूद पंडितों से सवाल-जवाब किए. इसी दौरान पंडितों से आधार कार्ड मांगने को लेकर विवाद हो गया. कहा जा रहा है कि कहासुनी बढ़ गई तो आरोपी ने कथित तौर पर घर में रखे हथियारों से फायरिंग कर दी. गोली लगने की वजह से उसकी पत्नी बबिता सिंह और पूजा करवाने आए दो पंडितों की मौत हो गई. मृतक पंडितों की पहचान महेंद्र पाठक और अखिलेश मिश्रा के रूप में हुई है. हालांकि, घटना की पूरी वजह सहित सभी जानकारियां जांच के बाद ही सामने आएगी

फायरिंग के बाद आरोपी अपने बच्चों के साथ घर के अंदर चला गया और खुद को एक कमरे में बंद कर लिया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घर में आरोपी के तीन बच्चे मौजूद थे. इनमें एक बेटी, एक बेटा और करीब सात महीने की बच्ची शामिल होने की बात सामने आई है. घटना के समय आरोपी की बुजुर्ग मां के भी घर में मौजूद होने की जानकारी मिली है. आरोपी के पास लाइसेंसी हथियार होने की सूचना के बाद पुलिस ने बेहद सतर्कता के साथ कार्रवाई शुरू की. पुलिस की प्राथमिकता घर के अंदर मौजूद बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालना और आरोपी को बिना किसी और नुकसान के हिरासत में लेना है

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने घटनास्थल को घेर लिया है. फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी है. अधिकारियों की ओर से आरोपी से बातचीत कर उसे आत्मसमर्पण के लिए समझाने का प्रयास किया जा रहा है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. फायरिंग के पीछे की वास्तविक वजह, हथियार के इस्तेमाल और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा