ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता आसिम वकार ने बुधवार को कांग्रेस का दामन थाम लिया। दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय इंद…

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता आसिम वकार ने बुधवार को कांग्रेस का दामन थाम लिया। दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की, इस मौके पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन इमरान प्रतापगढ़ी मौजूद रहे।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद आसिम वकार ने कहा कि उनकी लड़ाई देश और धर्मनिरपेक्षता के लिए है। उन्होंने कहा कि बीजेपी को सत्ता से हटाना जरूरी है और उन्हें लगा कि इसके लिए कांग्रेस के साथ खड़ा होना चाहिए, वकार ने कहा कि AIMIM में रहते हुए उन्हें यह महसूस हुआ कि बीजेपी के खिलाफ लड़ाई की जरूरत है, लेकिन पार्टी का कांग्रेस पर ज्यादा निशाना साधना उन्हें उचित नहीं लगा, उन्होंने कहा, “अगर बीजेपी से कोई लड़ रहा है तो राहुल गांधी लड़ रहे हैं।”

आसिम वकार ने कहा कि वह कांग्रेस में किसी टिकट की उम्मीद लेकर नहीं आए हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने करीब 20 साल समाजवादी पार्टी में बिताए हैं, उन्होंने दावा किया कि अपने राजनीतिक करियर के दौरान उन्होंने कभी अखिलेश यादव से ट्रांसफर-पोस्टिंग जैसी किसी चीज के लिए बात नहीं की, वकार ने कहा कि वह सच, देश और धर्मनिरपेक्षता के साथ खड़े हैं।

– बिहार के विकास मॉडल पर रोहिणी आचार्य का हमला, निवेश-अनुकूलता में राज्य के पिछड़ने पर उठाए सवाल

आसिम वकार ने अपने संबोधन में हुमायूं कबीर का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने पहले कबीर को बीजेपी का एजेंट बताया था, बाबरी मस्जिद को लेकर भी उन्होंने गंभीर आरोप लगाए और कहा कि इस मामले में कथित तौर पर बड़ी रकम दिए जाने की बात सामने आई थी, वकार ने कहा कि अगर उनकी सरकार आती है तो इस मामले की जांच कराई जाएगी हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित पक्ष का जवाब सामने आना बाकी है।

कांग्रेस में आसिम वकार के शामिल होने पर यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि देश में सभी वर्गों के अधिकारों और लोकतंत्र को बचाने के लिए आंदोलन चल रहा है, उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ रहे हैं और उन्हीं से प्रभावित होकर आसिम वकार ने कांग्रेस की सदस्यता ली है, गौतम ने वकार को AIMIM का मुख्य प्रवक्ता बताते हुए कांग्रेस में उनका स्वागत किया।

– दिल्ली होटल कांड पर प्रशांत किशोर का बड़ा हमला, बोले- ‘सरकार के मुखिया का चरित्र ही दागदार है’

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भी आसिम वकार के पार्टी में शामिल होने का स्वागत किया, अजय राय ने कहा कि वह इस दिन का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, उन्होंने वकार को बधाई देते हुए कहा कि आज कांग्रेस में एक मजबूत व्यक्ति शामिल हुआ है, जो प्रखरता और वाकपटुता के साथ समाज के सामने अपनी बात रखते हैं, उन्होंने कहा कि आसिम वकार की सोच कांग्रेस की विचारधारा से मेल खाती है।

आसिम वकार का कांग्रेस में शामिल होना उत्तर प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, AIMIM से जुड़े रहे एक प्रमुख प्रवक्ता के कांग्रेस में आने से पार्टी को अल्पसंख्यक राजनीति में अपनी स्थिति मजबूत करने का मौका मिल सकता है वहीं, वकार के बयान के बाद AIMIM और कांग्रेस के बीच राजनीतिक मतभेदों को लेकर भी चर्चा तेज हो सकती है, आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि कांग्रेस में शामिल होने के बाद आसिम वकार की राजनीतिक भूमिका क्या रहती है।