कौशाम्बी: उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले के पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी बाजार में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के बाद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। ह…
कौशाम्बी: उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले के पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी बाजार में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के बाद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 5 घायलों का प्रयागराज के SRN अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस ने मामले में फरार चल रहे शकील, कहकसा बानो और मोहम्मद आदिल पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने लोगों से आरोपियों के संबंध में सूचना देने की अपील की है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा भी दिया गया है।
पटाखा फैक्ट्री के संचालक और मुख्य आरोपी मोहम्मद आदिल की तलाश में पुलिस ने उसके कई ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में पटाखे, बारूद और अन्य सामग्री बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। एसडीएम और सीओ की अगुवाई में पुलिस तथा फायर विभाग की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं।
पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट इतना जोरदार था कि इसका असर फैक्ट्री से काफी दूर तक देखने को मिला। धमाके की वजह से आदिल के घर के शीशे टूट गए, जबकि आसपास के कई मकानों को भी नुकसान पहुंचा। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद मुख्य आरोपी आदिल अपने परिवार के साथ फरार है।
मामले में कुल छह आरोपियों के खिलाफ पिपरी थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही अवैध पटाखा कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फैक्ट्री में पटाखों और बारूद का भंडारण किस तरह किया जा रहा था और हादसे के पीछे लापरवाही या अन्य कोई वजह तो नहीं थी।
हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई से अवैध पटाखा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।





