AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, 'मैं जयंत चौधरी और उनकी पत्नी को बहुत अच्छी तरह जानता हूं। उनकी पत्नी हमारी बहन जैसी हैं। अखिलेश यादव का उनके लिए बयान…

Hindi News /

भारत /

राजनीति /

'वो मेरे अच्छे दोस्त हैं, उनकी पत्नी हमारी बहन जैसी', जयंती चौधरी के बचाव में उतरे ओवैसी, अखिलेश के बयान पर जताई आपत्ति; जमकर सुनाई खरी-खोटी

AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, 'मैं जयंत चौधरी और उनकी पत्नी को बहुत अच्छी तरह जानता हूं। उनकी पत्नी हमारी बहन जैसी हैं। अखिलेश यादव का उनके लिए बयान बहुत गलत है।'

2 min read

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के एक हालिया बयान पर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। अखिलेश यादव ने बिना नाम लिए राष्ट्रीय लोक दल और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी पर निशाना साधते हुए कहा था कि “हम लोगों ने चवन्नी का रुपया बना दिया, फिर भी हमें छोड़कर चले गए।” उनके इस बयान पर ओवैसी ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई है

AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, 'मैं जयंत चौधरी और उनकी पत्नी को बहुत अच्छी तरह जानता हूं। उनकी पत्नी हमारी बहन जैसी हैं। इस तरह का बयान पूरी तरह गलत है, बिल्कुल गलत है। ऐसा बयान देकर आपने दुनिया के सामने अपनी सोच और मानसिकता जाहिर कर दी है।'

अखिलेश पर बरसे ओवैसी

ओवैसी ने आगे कहा, मैं आज भी जयंत चौधरी से मिलता हूं। मैं उनसे आमने-सामने पूछता हूं, 'चौधरी साहब, आप BJP में क्यों शामिल हुए?' वे मुस्कुराते हैं और कहते हैं, 'इस बारे में बाद में बात करेंगे।' हमारी राय अलग हो सकती है, लेकिन हम उनसे बात करते हैं। हम उनका सम्मान करते हैं। जब आप किसी ऐसे व्यक्ति का इस तरह अपमान करते हैं जो कभी आपके साथ था, तो इससे आपकी मानसिकता का पता चलता है। इससे पता चलता है कि आप चाहते हैं कि हर कोई आपकी मर्जी पर निर्भर रहे।"

मायावती की तारीफ में कही बड़ी बात

वहीं, BSP मायावती की तारीफ करते हुए ओवैसी ने कहा, "हर राजनीतिक पार्टी अपनी बात रखने में सक्षम है और वे अपनी बात खुद रखेंगे। मैंने हमेशा कहा है कि मायावती भारतीय राजनीति के उन चुनिंदा लोगों में से एक हैं जिन्होंने बिना किसी पारिवारिक समर्थन या विरासत में मिली संपत्ति के बिना अपना राजनीतिक करियर बनाया, इतिहास रचा और पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाई। स्पष्ट बहुमत के साथ मुख्यमंत्री बनना एक बड़ी उपलब्धि है। इसलिए, मैं उनका बहुत सम्मान करता हूं। ऐसा दोबारा होगा या नहीं, यह अलग बात है, लेकिन उनके राजनीतिक सफर की इस सच्चाई को ज़रूर माना जाना चाहिए।"