बिहार विधान परिषद की आठ शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में होने वाले चुनाव को लेकर जन सुराज ने पांच उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है, पार्टी ने दरभ…

बिहार विधान परिषद की आठ शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में होने वाले चुनाव को लेकर जन सुराज ने पांच उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है, पार्टी ने दरभंगा शिक्षक सीट से एसपी राय, दरभंगा स्नातक से रवींद्र यादव, सारण शिक्षक से अफाक अहमद, पटना शिक्षक से डॉ. दिव्या ज्योति और कोसी स्नातक से रजनीश रंजन को उम्मीदवार बनाया है। बाकी तीन सीटों पर उम्मीदवारों के नाम बाद में घोषित किए जाएंगे।

जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार में शिक्षक लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष करते रहे हैं, उनके मुताबिक अलग-अलग समस्याओं को लेकर शिक्षकों ने कई संगठन बनाए हैं, जन सुराज का संकल्प इन सभी शिक्षक संगठनों को एक मंच पर लाना है, प्रशांत किशोर ने कहा कि इसके लिए एक संघर्ष समिति बनाई जाएगी, इसमें अलग-अलग शिक्षक संघ अपनी पहचान और संगठनात्मक स्वतंत्रता के साथ काम कर सकेंगे।

प्रशांत किशोर ने शिक्षकों से जुड़े तीन प्रमुख मुद्दों को लेकर संघर्ष की बात कही, इनमें सातवें वेतनमान को लागू कराना, वित्त रहित से वित्तपोषित शिक्षकों से जुड़ी समस्याओं का समाधान और शिक्षकों से कराए जा रहे गैर-शैक्षणिक कार्यों के लिए स्पष्ट मानक तय करना शामिल है, उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले इन मुद्दों को लेकर आंदोलन किया जाएगा।

स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के उम्मीदवारों को लेकर भी प्रशांत किशोर ने रोजगार का मुद्दा उठाया, उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों से जन सुराज के स्नातक उम्मीदवार जीतकर आएंगे, वहां युवाओं और बेरोजगारों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में काम किया जाएगा, प्रशांत किशोर ने दावा किया कि संबंधित क्षेत्रों में 10 हजार युवाओं को रोजगार दिलाने की दिशा में प्रयास किया जाएगा।

जन सुराज ने फिलहाल आठ में से पांच निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उम्मीदवार घोषित किए हैं, पटना स्नातक, तिरहुत स्नातक और तिरहुत शिक्षक सीट पर अभी उम्मीदवारों के नाम घोषित नहीं किए गए हैं, बिहार विधान परिषद की इन आठ सीटों में चार शिक्षक और चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं, मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल नवंबर 2026 में समाप्त होना है, ऐसे में चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों और संगठनों की तैयारियां तेज होती दिखाई दे रही हैं।