बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ हुई बदसलूकी और छेड़छाड़ के चर्चित मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे मामले के मु…
Hindi News /
भारत /
बिहार न्यूज /
बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ हुई बदसलूकी और छेड़छाड़ के चर्चित मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे मामले के मुख्य आरोपी नंदन यादव समेत 7 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं
4 min read
बिहार के जमुई में नाबालिग से अभद्रता और बदसलूकी के मामले में पुलिस ने त्वरित और कड़ी कार्रवाई की है। घटना के बाद से ही फरार चल रहे मुख्य आरोपी नंदन यादव के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इस एनकाउंटर में मुख्य आरोपी नंदन यादव के पैर में गोली लगी है, जबकि एक अन्य आरोपी हरे राम का पैर टूटने की सूचना है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है
बिहार पुलिस के एडीजी ने इस एनकाउंटर और कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि की है। सभी आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं
मुख्य आरोपी का हाफ एनकाउंटर और SIT की जांच
जमुई में नाबालिग छात्रा और उसके सहपाठी के साथ हुई हैवानियत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया था। पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने मामले की जांच तेज करते हुए उस जगह का जायजा लिया, जहां यह घटना घटी थी। छापेमारी के दौरान मुख्य आरोपी नंदन यादव से पुलिस का सामना हो गया। आरोपी ने पुलिस से बचने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसे हाफ एनकाउंटर कहा जा रहा है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए महिला आयोग ने भी इस पर स्वतः संज्ञान लिया है
पुलिस ने सभी आरोपियों को किया गिरफ्तार
बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और उत्पीड़न का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है
क्या है जमुई बदसलूकी का पूरा मामला
यह शर्मनाक घटना 19 सितंबर की है। 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा अपने दोस्त के साथ कोचिंग से पढ़ाई करके घर लौट रही थी। जमुई के मड़वा पहाड़ी इलाके के पास कुछ शोहदों ने जबरन उनका रास्ता रोक लिया। मनचलों ने छात्रा के साथ बदसलूकी और अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। जब छात्रा के दोस्त ने विरोध करने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। पीड़ित छात्रा और उसका दोस्त हाथ जोड़कर, गिड़गिड़ाकर छोड़ने की भीख मांगते रहे, लेकिन मनचलों का दिल नहीं पसीजा। वहां मौजूद कुछ लोगों ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जो 20 सितंबर को तेजी से वायरल हो गया और पूरे देश में हड़कंप मच गया
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर जताया गुस्सा
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर अपनी गहरी संवेदना और गुस्सा जाहिर करते हुए लिखा कि 'बिहार के जमुई का एक वीडियो बहुत बेचैन करने वाला है। 10वीं क्लास के एक छात्र और छात्रा को रास्ते में जबरदस्ती रोक लिया गया। उन्हें प्रताड़ित किया गया, अपमानित किया गया और छात्रा के साथ उत्पीड़न किया गया। बच्ची हाथ जोड़कर उसे जाने देने की विनती करती रही, मगर गुंडे उसे गलत तरीके से छूते और खींचतान करते रहे।'
तेजस्वी यादव का NDA सरकार पर तीखा हमला
तेजस्वी यादव ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए राज्य सरकार और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में अब कहीं भी कोई छात्रा या महिला सुरक्षित नहीं है। अपराधी दिन-दिहाड़े स्कूलों, कॉलेजों और घरों में घुसकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। महिलाओं को वित्तीय सहायता देने का वादा करने वाले नेता ऐसी दर्दनाक घटनाओं पर मौन साधे बैठे हैं
एनडीए शासन में दलितों, गरीबों, छात्रों और महिलाओं पर अत्याचार में बेतहाशा वृद्धि हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार के इस बदहाल कानून-व्यवस्था के माहौल के लिए सीधे तौर पर एनडीए नेतृत्व जिम्मेदार है, जिसे प्रदेश की गिरती सुरक्षा व्यवस्था पर कोई शर्म महसूस नहीं हो रही है





टिप्पणियाँ 0