लखनऊ में बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत टैक्सी और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान केंद्रीय सहकारिता एवं नागर विमानन राज्…
लखनऊ में बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत टैक्सी और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान केंद्रीय सहकारिता एवं नागर विमानन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल भी मौजूद रहे। भारत टैक्सी की शुरुआत फिलहाल लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज से की गई है। योजना से टैक्सी के साथ टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर चालक भी जुड़ सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चालक जीरो कमीशन पर सेवा दे सकेंगे और उन्हें पांच लाख रुपये तक की सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिलेगा।मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भारत टैक्सी केवल यात्रियों के आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार का नया अवसर भी है। उन्होंने महाकुंभ 2025 के दौरान रैपिडो की सेवाओं का उदाहरण देते हुए कहा कि बाइक टैक्सी के जरिए श्रद्धालुओं को सुविधा मिली और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित नहीं हुई।
मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग को भारत टैक्सी की तर्ज पर ग्रामीण बस सेवा को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि गांवों में भी रोजगार और परिवहन की सुविधा का विस्तार हो सके।वहीं, मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत किसानों को बड़ी राहत दी गई है। उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम्य विकास बैंक से मिलने वाले ऋण की ब्याज दर 11 प्रतिशत से घटाकर 6 प्रतिशत कर दी गई है। खेती और कृषि मशीनरी के लिए दीर्घकालिक ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार ने आने वाले वर्षों में पांच लाख लघु और सीमांत किसानों को योजना का लाभ देने का लक्ष्य रखा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नदाता की समृद्धि से ही प्रदेश और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि 2017 के बाद 86 लाख लघु और सीमांत किसानों के 36 हजार करोड़ रुपये से अधिक के ऋण माफ किए गए।
प्रदेश में करीब 24 लाख हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि को सिंचाई सुविधा से जोड़ा गया है और 16 लाख से अधिक निजी ट्यूबवेल वाले किसानों को मुफ्त बिजली दी जा रही है।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि पोर्टल और ऐप समेत सहकारिता से जुड़ी डिजिटल सेवाओं की शुरुआत की। उन्होंने भारत टैक्सी से जुड़े पांच सारथियों को शेयर प्रमाण पत्र और कृषक समृद्धि योजना के पांच लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र सौंपे। इसके बाद मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने भारत टैक्सी को फ्लैग ऑफ कर रवाना किया।






टिप्पणियाँ 0