गुजरात के जामनगर में दो साल पुराना एक गुमशुदगी का मामला अब हत्या की कहानी बन चुका है. पुलिस का दावा है कि जिस शख्स को परिवार ऑस्ट्रेलिया में नौकरी करने गया मानता रहा, उसकी हत्या उसी की पत्नी ने अपने पूर्व प्रेमी और उसके दोस्त के साथ मिलकर कर दी. शव को 12 फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया गया. अब तीनों आरोपी कोर्ट में पेश हुए, जहां अदालत ने उन्हें चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया.
परिवार अपने बेटे के लौटने का इंतजार करता रहा. जब भी किसी ने उसकी पत्नी से पूछा कि वह कहां है, जवाब लगभग एक जैसा होता- ऑस्ट्रेलिया में काम कर रहा है.
घरवाले भी कुछ समय तक इस बात पर भरोसा करते रहे. लेकिन धीरे-धीरे सवाल बढ़ने लगे.
और पढ़ेंमामला गुजरात के जामनगर का है. मृतक के भाई अशोक मावडिया ने दो साल पहले अपने भाई की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी.
उनका कहना है कि जब भी उन्होंने अपने भाई से बात कराने या उसका फोन नंबर मांगा, उनकी भाभी भूमिबेन मावडिया कोई न कोई बहाना बना देती थी.जवाब देती थी कि ऑस्ट्रेलिया में नौकरी करने गया है. परिवार को यह बात अजीब जरूर लगी, लेकिन उनके पास इसे गलत साबित करने का कोई आधार नहीं था.
वक्त बीतता गया और हर सवाल का जवाब एक ही कहानी में मिलता रहा. कहानी में मोड़ तब आया, जब परिवार के एक सदस्य ने बताया कि वह भी ऑस्ट्रेलिया काम करने जा रहा है.
उसने मृतक का फोन नंबर मांगा, ताकि वहां पहुंचकर संपर्क कर सके. यहीं से कथित झूठ की परतें उखड़ने लगीं.





