कल का मौसम, 21 सितंबर: मानसून की रवानगी का समय नजदीक आ रहा है, लेकिन जाते-जाते भी आसमान से आफत बरसने के पूरे आसार नजर आ रहे हैं. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने क…

कल का मौसम, 21 सितंबर: मानसून की रवानगी का समय नजदीक आ रहा है, लेकिन जाते-जाते भी आसमान से आफत बरसने के पूरे आसार नजर आ रहे हैं. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने कल यानी 21 सितंबर के लिए एक नया और बड़ा अलर्ट जारी किया है. उत्तर भारत से लेकर पूर्वी और मध्य भारत तक मौसम पूरी तरह पलटने जा रहा है. विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक देश के 13 राज्यों में बादलों का जोरदार पहरा रहेगा और मूसलाधार बरसात लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है. इस दौरान कई जगहों पर 75 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की तूफानी रफ्तार से आंधी चलने की आशंका है. तेज हवाओं और बादलों की गर्जना को देखते हुए किसानों और खुले समुद्र में जाने वाले मछुआरों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं

देश के मौसम में आए इस अचानक बदलाव के पीछे वायुमंडलीय प्रणालियों का हाथ है. उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उसके आसपास के इलाकों पर चक्रवाती परिसंचरण के रूप में एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है. इसके साथ ही पश्चिमी मध्य प्रदेश और पूर्वी राजस्थान से सटे भागों में ऊपरी हवाओं का चक्रवाती घेरा सक्रिय है. बंगाल की खाड़ी की तरफ से उठ रही नम और तेज हवाएं पूर्वी भारत में प्रवेश कर रही हैं, जिससे कई राज्यों में मौसम बेहद संवेदनशील हो गया है. तूफानी हवाओं के कारण कमजोर ढांचे, टिन शेड और पुराने बड़े वृक्षों के धराशायी होने का खतरा बना हुआ है, जबकि खेतों में पकने को तैयार फसलों को भी नुकसान पहुंच सकता है

पहाड़ी राज्यों की यात्रा की योजना बना रहे लोगों के लिए मौसम विभाग ने खास चेतावनी जारी की है. उत्तराखंड के नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर, ऋषिकेश, पौड़ी गढ़वाल, चमोली, हरिद्वार और टिहरी गढ़वाल में भारी बारिश और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की आंधी का खतरा है. देहरादून में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रहेगा. हिमाचल प्रदेश के मंडी, ऊना, चंबा, हमीरपुर, सोलन, बिलासपुर, कांगड़ा और किन्नौर में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलेंगी. मनाली में ठंड का अहसास गहराएगा, जहां अधिकतम तापमान 13 डिग्री और न्यूनतम पारा 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. जम्मू-कश्मीर के पुंछ, बारामूला, किश्तवाड़, रियासी, गांदरबल, उधमपुर, रामबन, शोपियां, बांदीपोरा और जम्मू में 45 किलोमीटर की रफ्तार से हवाओं के साथ भारी बारिश होगी. श्रीनगर का अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 16 डिग्री रहेगा

मैदानी इलाकों में देश की राजधानी दिल्ली में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बारिश और मध्यम हवाओं का दौर रहेगा. यहां 30 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे के झोंके चल सकते हैं. दिल्ली का अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. पंजाब के फिरोजपुर, संगरूर, होशियारपुर, कपूरथला, चंडीगढ़, लुधियाना, अमृतसर, गुरदासपुर, बठिंडा, बरनाला और फरीदकोट में 60 किलोमीटर की तूफानी हवाओं के साथ तेज बारिश की संभावना है

उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में मौसम बिगड़ने वाला है. गाजियाबाद, मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, मथुरा, मुरादाबाद, आगरा, अलीगढ़ और कानपुर से लेकर पूर्वांचल के मिर्जापुर, चित्रकूट, प्रतापगढ़, जौनपुर, सोनभद्र, कुशीनगर, महाराजगंज, प्रयागराज और सुल्तानपुर में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है. राजधानी लखनऊ में दिन का तापमान 34 डिग्री और रात का न्यूनतम पारा 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है

राजस्थान में बने परिसंचरण के असर से जयपुर, उदयपुर, चूरू, बारां, सवाई माधोपुर, बूंदी, कोटा, दौसा, भरतपुर, बाड़मेर, भीलवाड़ा, जैसलमेर और अलवर में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की जा सकती है. इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे के झोंके चलेंगे. जयपुर में अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा

20 सितंबर को सुबह 0830 बजे IST के आधार पर अपडेट: पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर कम दबाव का क्षेत्रउत्तरी अंडमान सागर और उससे सटे पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ा और आज, 20 सितंबर, 2026 को…

बिहार के 22 जिलों में मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है. सारण, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण, गया, जहानाबाद, भोजपुर, पटना, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, सहरसा, पूर्णिया, अररिया, कटिहार, भागलपुर, किशनगंज, मुंगेर और खगड़िया में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ पानी बरसेगा. पटना का अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है

झारखंड के रांची, रामगढ़, खूंटी, बोकारो, चतरा, देवघर, पश्चिमी सिंहभूम, पलामू, दुमका, हजारीबाग, धनबाद, गिरिडीह और गुमला में 21 और 22 सितंबर को 60 से 65 किलोमीटर की रफ्तार से आंधी चलेगी. रांची का तापमान 28 और 23 डिग्री के बीच रहेगा. पश्चिम बंगाल के हावड़ा, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा, अलीपुरद्वार, दार्जिलिंग, कूचबिहार, दुर्गापुर, बीरभूम और कोलकाता में 70 किलोमीटर की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं. कोलकाता में पारा 33 और 27 डिग्री के बीच बना रहेगा

मध्य प्रदेश के इंदौर, अनूपपुर, दमोह, बालाघाट, विदिशा, होशंगाबाद, कटनी, बैतूल, रतलाम, मंडला, खंडवा, नरसिंहपुर, देवास और हरदा में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30 किलोमीटर की गति से हवाएं चलेंगी. भोपाल में तापमान 31 और 23 डिग्री रहेगा. छत्तीसगढ़ के रायपुर, मनेंद्रगढ़, सूरजपुर, बिलासपुर, धमतरी, जांजगीर, कोरबा और महासमुंद में 55 किलोमीटर प्रति घंटे के झोंकों के साथ आंधी-पानी का माहौल बनेगा. ओडिशा के पुरी, क्योंझर, बलांगिर, भुवनेश्वर, सुंदरगढ़, भद्रक, मयूरभंज, बालासोर और जाजपुर में 65 किलोमीटर प्रति घंटे की आंधी के साथ भारी बरसात की आशंका बनी हुई है