फरीदाबाद में न्यायिक परिसर की सुरक्षा व्यवस्था के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है. कोर्ट की पुरानी बिल्डिं…
फरीदाबाद में न्यायिक परिसर की सुरक्षा व्यवस्था के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है. कोर्ट की पुरानी बिल्डिंग के मुख्य प्रवेश द्वार पर चेकिंग के दौरान युवक के बैग से देशी कट्टा बरामद हुआ. पूछताछ में हथियार उपलब्ध कराने वाले एक अन्य युवक का नाम सामने आया, जिसे पुलिस ने बाद में गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरुग्राम के गांव लाला खेड़ली निवासी अभिषेक और फरीदाबाद के नंगला एन्क्लेव पार्ट-1 निवासी वंश राठी के रूप में हुई है
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, कोर्ट परिसर के मुख्य गेट पर पुलिसकर्मी न्यायिक सुरक्षा और नियमित जांच के लिए तैनात थे. इसी दौरान एक युवक काले रंग का बैग लेकर परिसर में दाखिल होने पहुंचा. सुरक्षा जांच के तहत पुलिस टीम ने उसके बैग की तलाशी ली. तलाशी के दौरान बैग के अंदर से एक देशी कट्टा बरामद हुआ. हथियार मिलने के बाद पुलिस ने युवक को तुरंत हिरासत में ले लिया
हथियार बरामद होने के बाद थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया. इसके बाद अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने आरोपी से पूछताछ शुरू की.N पूछताछ में अभिषेक ने पुलिस को बताया कि वह अपने भाई को लेने कॉलेज गया था. कॉलेज के बाहर उसकी मुलाकात वंश राठी से हुई, जिसे वह पहले से जानता था. पुलिस के अनुसार, वंश ने अभिषेक को बताया कि उसका किसी व्यक्ति से विवाद चल रहा है और उसने उसे सबक सिखाने के लिए देशी कट्टे का इंतजाम किया है
पुलिस के मुताबिक, वंश ने अभिषेक को कट्टा रखने के लिए दिया और बाद में उसे नंगला एन्क्लेव स्थित अपने घर पर वापस करने को कहा. अभिषेक ने हथियार को अपने बैग में रख लिया और अपने भाई के साथ कोर्ट परिसर पहुंच गया. जैसे ही वह कोर्ट के मुख्य गेट पर सुरक्षा जांच के लिए पहुंचा, पुलिस ने उसके बैग की तलाशी ली और हथियार बरामद कर लिया. अभिषेक से पूछताछ के दौरान पुलिस को वंश राठी के बारे में जानकारी मिली. इसके बाद अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने कार्रवाई करते हुए वंश को भी गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है
फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि न्यायिक परिसरों की सुरक्षा को लेकर प्रवेश द्वारों पर लगातार निगरानी और चेकिंग की जा रही है. इसी सतर्कता के चलते युवक को हथियार के साथ कोर्ट परिसर में प्रवेश करने से पहले ही पकड़ लिया गया. पुलिस के मुताबिक, न्यायिक परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आगे भी नियमित जांच और निगरानी जारी रहेगी


