Brain Fog Causes: आजकल की तेज रफ्तार जिंदगी में वर्क प्रेशर, लगातार बढ़ता हुआ स्क्रीन टाइम, नींद की कमी और तनाव हमारे स्वास्थ्य को बुरी तरह प्रभावित कर रही है.…
Brain Fog Causes: आजकल की तेज रफ्तार जिंदगी में वर्क प्रेशर, लगातार बढ़ता हुआ स्क्रीन टाइम, नींद की कमी और तनाव हमारे स्वास्थ्य को बुरी तरह प्रभावित कर रही है. ऐसे में कई लोगों को अक्सर ऐसा महसूस होता है कि उनका दिमाग ठीक तरीके से काम नहीं कर रहा है. छोटी-छोटी बातें याद नहीं रहतीं, किसी काम में लंबे समय तक फोकस करना मुश्किल लगता है और बातचीत के दौरान अचानक सही शब्द का याद नहीं आना, कुछ लोग ऐसे संकेतों को 'दिमाग में धुंध छाने' जैसा बताया जाता है. बता दें कि मेडिकल भाषा में इसे आमतौर पर ब्रेन फॉग कहा जाता है
अक्सर लोग इसे सिर्फ थकान, ज्यादा काम या नींद पूरी न होने का कारण मानकर, इन लक्षणों को नजरअंदाज कर देते हैं. लेकिन क्या ब्रेन फॉग का संबंध सिर्फ मानसिक थकान से है? हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, हर मामले में ऐसा जरूरी नहीं होता है. शरीर में ब्लड फ्लो और ऑक्सीजन की सप्लाई से जुड़ी कुछ स्थितियां भी दिमाग की कार्यक्षमता को प्रभावित कर सकती हैं. यही कारण है कि कुछ परिस्थितियों में ब्रेन फॉग और हार्ट हेल्थ के बीच कनेक्शन है और इस पर ध्यान देना जरूरी हो जाता है
सबसे पहले हमें यह समझना जरूरी है कि ब्रेन फॉग अपने आप में कोई दिमागी बीमारी नहीं है. यह एक ऐसी स्थिति होती है, जिसमें इंसान को सोचने, चीजों को याद रखने में, फोकस करने में या फैसला लेने में सामान्य से ज्यादा परेशानी महसूस हो सकती है. इसके दौरान व्यक्ति को बार-बार चीजें भूलना, किसी काम पर फोकस न कर पाना या फिर बातचीत के बीच सही शब्द याद न आने जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं. बच्चों में कई बार पढ़ते या काम करते समय ऐसा लगता है कि जानकारी सामने होने के बावजूद भी उसे समझने या याद रखने में ज्यादा समय लग रहा है
ब्रेन फॉग का एक्सपीरियंस अलग-अलग लोगों में अलग प्रकार से हो सकता है. स्ट्रैस, नींद की कमी, थकान और कई अन्य हेल्थ प्रॉब्लम्स इसके पीछे हो सकते हैं. इसलिए, सिर्फ ब्रेन फॉग के आधार पर किसी बीमारी का फैसला लेना सही नहीं है
हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, दिमाग हमारे शरीर का सबसे महत्वपूर्ण अंग है. यह उन अंगों में शामिल है, जिसे लगातार ऑक्सीजन और न्यूट्रिशन की जरूरत होती है. इन्हें शरीर के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाने का काम ब्लड सर्कुलेशन के जरिए होता है और इस प्रक्रिया में दिल की महत्वपूर्ण भूमिका भी होती है
कार्डियोलॉजिस्ट डॉक्टर अंशुल कुमार ने एक मीडिया चैनल को बताते हैं कि जब हमारा हार्ट सही तरीके से ब्लड को पंप नहीं कर पाता है, तो शरीर के दूसरे अंगों के साथ-साथ ब्रेन तक ब्लड और ऑक्सीजन की सप्लाई को भी प्रभावित करता है. ऐसी स्थिति में इंसान की मानसिक सतर्कता, फोकस और याददाश्त पर असर पड़ता है. यही कारण है कि कुछ मामलों में लगातार रहने वाले मानसिक धुंधलेपन (mental fogginess) को नजरअंदाज करने के बजाय उसके पीछे मौजूद कारणों को समझना बहुत जरूरी होता है
हेल्थ एक्सपर्ट के मुताबिक, हाई ब्लड प्रेशर, हार्ट की कमजोर कार्यक्षमता, हार्ट फेलियर और ब्लड वैसेल्स से जुड़ी समस्याएं लंबे समय में ब्रेन की कार्यक्षमता को प्रभावित कर सकता है. उदाहरण के लिए, लंबे समय तक हाई BP रहने से रक्त वाहिकाओं पर दबाव पड़ सकता है. वहीं, जब हार्ट की पंपिंग करने की क्षमता प्रभावित होती है तो शरीर के विभिन्न अंगों तक पर्याप्त ब्लड पहुंचने में समस्या हो सकती है
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि ब्रेन फॉग होने वाला हर इंसान हार्ट की बीमारी से जूझ रहा है. इसके पीछे नींद की कमी, तनाव, पोषण की कमी, हार्मोनल चेंजेस या अन्य स्वास्थ्य कारण भी हो सकते हैं. इसलिए, लक्षणों को देखकर खुद से किसी भी बीमारी की पहचान करने के बजाय जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर होता है
अगर कभी-कभार नींद पूरी न होने से या बहुत ज्यादा थकान के बाद भी ध्यान लगाने में परेशानी हो रही है तो यह जरूरी नहीं कि किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो. लेकिन यदि किसी को भूलने की समस्या बार-बार हो रही है तो रोजमर्रा के काम भी प्रभावित होने लगते हैं. इसके अलावा, लंबे समय तक फोकस करने में परेशानी बनी हुई है, तो भी इसके कारणों पर ध्यान देना चाहिए.खासतौर पर अगर मानसिक धुंधलेपन के साथ व्यक्ति को सांस फूलने, असामान्य थकान, सीने में असहजता, चक्कर आना या दिल की धड़कनों से जुड़ी परेशानी जैसे दूसरे लक्षण भी महसूस हों, तो मेडिकल हेल्प लेना जरूरी हो सकता है
ब्रेन फॉग से बचाव के लिए किसी एक उपाय को पर्याप्त नहीं माना जा सकता है. शरीर और दिमाग दोनों की बेहतर सेहत के लिए लाइफस्टाइल पर ध्यान देना जरूरी होता है. आपको नियमित शारीरिक गतिविधियां करनी चाहिए, संतुलित डाइट करना, पर्याप्त नींद और तनाव को नियंत्रित रखना चाहिए. इसके अलावा, BP, ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल की जांच भी नियमित रूप से और उन्हें नियंत्रण में रखना भी जरूरी होता है.एक्सपर्ट्स के मुताबिक, दिल की सेहत का ध्यान रखना अप्रत्यक्ष रूप से ब्रेन हेल्थ के लिए भी फायदेमंद साबित हो सकता है, क्योंकि सही ब्लड सर्कुलेशन शरीर के महत्वपूर्ण अंगों तक ऑक्सीजन और पोषक तत्वों को पहुंचाने में मदद करेगा
ब्रेन फॉग को लेकर सबसे जरूरी बात यह होती है कि इसे देखकर तुरंत हार्ट की बीमारी की आशंका लगाना गलत हो सकता है. यह कई अलग-अलग कारणों से हो सकता है, लेकिन अगर यह समस्या लगातार बनी हुई है या दूसरे असामान्य लक्षणों के साथ दिखाई दे रहे हैं, तो इसे नजरअंदाज भी नहीं करना चाहिए
शरीर में दिखने वाला कोई भी बदलाव इस बात का संकेत हो सकता है कि हमें अपनी सेहत पर थोड़ा अधिक ध्यान देने की जरूरत है. इसलिए, पर्याप्त नींद, बेहतर खान-पान, नियमित रूप से एक्सरसाइज करना और स्ट्रैस मैनेजमेंट के साथ समय-समय पर हेल्थ चेकअप करवाना भी जरूरी होता है. दिल और दिमाग दोनों की सेहत एक-दूसरे से जुड़ी हुई होती है, इसलिए किसी एक को नजरअंदाज करके पूरी सेहत का ख्याल नहीं रखा जा सकता






टिप्पणियाँ 0