मेरठ की क्रांति धरा से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उत्तर प्रदेश को बांटने की राजनीति करने का आरोप…

मेरठ की क्रांति धरा से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उत्तर प्रदेश को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया। भाजपा पश्चिम क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अंग्रेजों की ‘बांटो और राज करो’ की नीति को पहले कांग्रेस और बाद में समाजवादियों ने अपनाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संकल्प लेने का आह्वान किया कि उत्तर प्रदेश में इस राजनीति को दोबारा जगह नहीं मिलने देंगे।

नितिन नवीन ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश ने एक समय भय और अराजकता का दौर देखा, लेकिन आज प्रदेश में कानून का राज और भरोसे का वातावरण है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत से उत्तर प्रदेश आतंक और जंगलराज से बाहर निकलकर विकास के रास्ते पर आगे बढ़ा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 में प्रदेश के विकास की गति को बनाए रखने के लिए पूरी ताकत से जुटने की अपील की।भाजपा अध्यक्ष ने चौधरी चरण सिंह और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सम्मान को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने किसानों के लिए संघर्ष किया, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें उचित सम्मान नहीं दिया। नितिन नवीन ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चौधरी चरण सिंह को सम्मान देने का काम किया। बाबा साहेब आंबेडकर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें सम्मान दिलाने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीढ़ बताते हुए बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शक्ति केंद्र प्रमुख अपने अधीन आने वाले बूथों का सही अध्ययन कर लें तो चुनाव से पहले ही अपने क्षेत्र के परिणाम का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी यूपी की जनता 2017 से पहले की स्थिति और उसके बाद आए बदलाव को देख चुकी है।पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यों को लेकर जनता के बीच जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 2027 के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरना होगा। सम्मेलन में राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह प्रभारी जगदीश पटेल, सांसद डॉ. भोला सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल, पश्चिम क्षेत्र प्रभारी राम प्रताप सिंह, पश्चिम क्षेत्र अध्यक्ष नवाब सिंह नागर समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और शक्ति केंद्र संयोजक मौजूद रहे।