Monsoon Updates: मानसून को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. दरअसल, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून बुधवार (23 सितंबर) को दिल्ली से…

Monsoon Updates: मानसून को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. दरअसल, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून बुधवार (23 सितंबर) को दिल्ली से वापस लौट गया. जो 2002 के बाद से दिल्ली से मानसून की सबसे जल्दी वापसी है. साल 2002 में मानसून 20 सितंबर को वापस लौट गया था. पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और गुजरात के कुछ इलाकों से भी मानसून की वापसी हो गई है

IMD ने बताया कि मनसून की वापसी की रेखा अब गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुज़फ़्फ़रनगर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर, डीसा और नलिया जैसी जगहों से गुजर रही है. मौसम विभाग के मुताबिक, अब जैसे-जैसे मानसून और दूर जा रहा है, दिल्ली और उत्तर-पश्चिमी भारत के दूसरे हिस्सों में धीरे-धीरे मौसम के शुष्क होने की उम्मीद है

मानसून की वापसी का मतलब यह नहीं है कि हर जगह तुरंत बारिश बंद हो जाती है. IMD कई मौसम संबंधी स्थितियों को देखने के बाद वापसी की घोषणा करता है, जैसे कि बारिश में लगातार रुकावट, नमी के स्तर में कमी और निचले वायुमंडल में एंटीसाइक्लोन का बनना. बता दें कि मानसून की आगे की वापसी के लिए, IMD लगातार सूखे मौसम और वापसी के एक साफ, जुड़े हुए पैटर्न पर भी नजर रखता है

आम तौर पर मानसून सितंबर के आस-पास उत्तर-पश्चिमी भारत से लौटना शुरू होता है और धीरे-धीरे दक्षिण और पूर्व की ओर बढ़ता है. बता दें कि मौसम विभाग की बदली हुई सामान्य तारीखों के मुताबिक, उत्तर-पश्चिमी भारत से मानसून की वापसी 17 सितंबर के आस-पास शुरू होती है, जबकि देश के ज्यादातर हिस्सों से यह आम तौर पर मानसून 15 अक्टूबर तक लौट जाता है, हालांकि दक्षिणी प्रायद्वीप से लौटने में ज्यादा समय लगता है

बता दें कि जैसे-जैसे मानसून आगे बढ़ता है, जिन इलाकों से यह हटता है, वहां आम तौर पर बारिश कम हो जाती है और मौसम सूखा होने लगता है. हालांकि कहीं-कहीं बारिश हो सकती है. क्योंकि स्थानीय मौसम प्रणालियों की वजह से हल्की बारिश होती रह सकती है. दिल्ली और आस-पास के इलाकों के लिए, IMD के 23 सितंबर के पूर्वानुमान में 23-29 सितंबर के बीच मौसम से जुड़ी कोई चेतावनी नहीं दी है